औड़िहार। टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले कप्तान सूर्य कुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा में विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की ओर से जो वादे किए गए थे, वह अब तक पूरे नहीं किए गए। इसी को लेकर क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने बुधवार को सैदपुर एसडीएम ज्योति चौरसिया से मुलाकात करके पत्रक सौंपा। क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने पत्रक के माध्यम से कहा कि हथौड़ा में अभी तक कोई विकास कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत के बाद गांव में जनप्रतिनिधि व अधिकारी पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को सम्मानित करते हुए गांव में विकास कार्य कराने का भरोसा दिया था।
गांव में क्रिकेट एकेडमी, ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि, मुख्य मार्ग से गांव तक स्ट्रीट लाइट लगाने, फोरलेन पर स्वागत द्वार बनाने का वादा किया गया था। उन्होंने संबंधित विकास कार्यों को जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की। इसको लेकर कई बार अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। वहीं एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि प्राप्त पत्रक को जिलाधिकारी को भेजा जाएगा और जल्द ही प्रस्तावित कार्यों को शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।