कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?: गूगल मैप से रास्ता देख रहा था पिकअप चालक, रेलवे फाटक से टकराया
पिकअप चालक गूगल मैप के सहारे गाजीपुर-आजमगढ़ राजमार्ग से होकर जा रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ। इस दौरान चालक समेत दो लोगों को मामूली चोटें आईं।
विस्तार
गूगल मैप के सहारे गाजीपुर जा रहा पिकअप चालक दुल्लहपुर बाजार के पास बंद रेलवे फाटक से पिकअप लेकर टकरा गया। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक समेत दो लोगों को मामूली चोट आई। साथ ही करीब दो लाख की सब्जी का भी नुकसान हो गया।
ये है पूरा मामला
गोंडा जिले से सोमवार को पिकअप में सब्जियां लादकर गूगल मैप के सहारे गाजीपुर-आजमगढ़ राजमार्ग से होकर चालक संजय चौहान गाजीपुर मंडी जा रहा था। गूगल मैप की तरफ से बताए गए दिशा निर्देशों पर चलते हुए दुल्लहपुर बाजार के पास स्थित बंद पड़े रेलवे फाटक तक पहुंचा। इस फाटक को रेलवे प्रशासन की तरफ से कुछ माह पहले ही बंद कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें; गाजीपुर ट्रिपल मर्डर: 12 बिस्वा जमीन के लिए मां-बाप-बहन को दी थी खौफनाक मौत, पोस्टमार्टम में सामने आई बर्बरता
इस वजह से हुआ हादसा
पिकअप के फाटक के नजदीक पहुंचने पर चालक को रास्ता बंद दिखाई दिया। इसके बाद चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन गीली सड़क के कारण पिकअप फिसलती हुई सीधे लोहे के हाइट गेज से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चालक संजय चौहान और खलासी सन्नी को मामूली चोटें आईं। घायलों को स्थानीय लोग पास के अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया। वहीं, वाहन में लदा बैगन, गोभी, लौकी, मिर्च, पालक समेत करीब दो लाख रुपये की ताजी सब्जियां सड़क पर बिखर कर कुचल गईं।