गाजीपुर। पुलिस के लाठीचार्ज में मृत भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के शव का बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे दो डॉक्टरों के पैनल ने दो घंटे तक वीडियोग्राफी बीच पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में हृदय गति रुकने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। इसके अलावा, दाहिनी कोहनी, पीठ के नीचे दाहिनी तरफ, बाएं पैर में भी चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। नौ सितंबर को कुछ लोग नोनहरा थाने पहुंचे थे और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए धरने पर बैठ गए थे। आरोप है कि रात करीब डेढ़ बजे बिजली बंद कर पुलिस ने धरने पर बैठे लोगों पर लाठीचार्ज किया था। इसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए थे। भाजपा कार्यकर्ता राजेश राय बागी का हाथ टूट गया था, जबकि घायल दिव्यांग सियाराम उपाध्याय की मौत हो गई थी। इस मामले में एसपी डॉ. ईरज राजा ने एसओ सहित 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित और पांच को लाइन हाजिर कर दिया था। घटना के बाद से परिजनों और लोगों में गुस्सा है।
वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। सभी पक्षों का बयान दर्ज किया जाएगा। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।