गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक पार्टी कार्यालय समता भवन पर बृहस्पतिवार को हुई। इसमें ईंधन गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोत्तरी पर रोष जताया। तत्काल बढ़े दामों को वापस लेने की मांग किया।
बैठक में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने घरेलू ईंधन गैस सिलिंडर और व्यवसायिक गैस सिलिंडर में तीन रुपये बढ़ाए जाने पर एतराज जताते हुए कहा कि अभी जून के महीने में ही घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में 46 रुपये और व्यवसायिक गैस सिलिंडर के दामों में 110 रुपये की बढ़ोत्तरी केंद्र सरकार ने की थी। अब पुन: गैस के दामों में तीन रुपये बढ़ोत्तरी कर सरकार जनता को परेशानी में ढकेल रही है। कोरोना महामारी के दौर में पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ाकर सरकार जनता का खून निचोड़ने में लगी है। महामारी के इस दौर में जब दुनिया की सरकारें अपनी जनता के जेब में पैसा डालने का काम कर रही है, वही, हमारे देश की मोदी सरकार जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने का काम कर रही है। यह सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन है। जनता के बुनियादी सवालों से मोदी-योगी सरकार का कुछ लेना-देना नहीं है। देश को महंगाई से निजात दिलाने का वादा करने वाली मोदी सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, निजामुद्दीन खां, अशोक बिंद, अरुण कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, सदानंद यादव, सच्चेलाल यादव, दिनेश यादव, अशोक यादव, रामयश यादव, आत्मा यादव, मिसरू, जुम्मन खां, नन्हे आदि उपस्थित थे।