गाजीपुर। सदर सहित जनपद के सभी 16 विकास खंडों पर सोमवार को ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में ग्राम पंचायत ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले सचिवों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वह काली पट्टी बांधकर ही कार्य करते हुए अपना विरोध जाहिर किया। समिति के अध्यक्ष सूर्यभानु राय ने कहा कि, सचिव से लक्ष्य आधारित कार्य लिया जाता है। इस लक्ष्य को पूर्ण कराने के लिए उनको अवकाश के दिन भी कार्य के लिए बुला लिया जाता है, तो फिर ऑनलाइन उपस्थिति की बात बेमानी है। साथ ही अधिकारी भय का माहौल बनाकर सचिवों से जबरदस्ती अन्य विभागीय कार्य करा रहे है। इससे पंचायत और विकास विभाग का कार्य प्रभावित हो रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी ने कहा कि बिना संसाधन उपलब्ध कराए पंचायत सचिवों की ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश कर दिया गया है। जो पूर्णतः अव्यवहारिक है। इसके विरोध में सभी विकास खंडों पर एकत्रित होकर सचिवों ने अपना विरोध दर्ज कराया। संगठन अब किसी भी सचिव के साथ उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगा। शांतिपूर्ण आंदोलन के बाद भी यह आदेश वापस नहीं लिया गया, तो जनपद के सभी सचिव अपने कार्य का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर राजकुमार यादव, अजीत गौतम, ज्ञानेंद्र यादव, बृजेश कुमार, शशिकांत, रवि यादव आदि मौजूद रहे।