सुहवल। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा, परियोजना प्रबंधक सत्यम कुमार ने बुधवार की सुबह ताड़ीघाट-मऊ रेल खंड के विस्तारीकरण के अंतर्गत पहले चरण में अब तक हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। रेल कम रोड ब्रिज के ऊपर कंक्रीट प्रेशर पंप के जरिए डैब स्लैब की ढलाई के कार्यों का शुभारंभ करने के बाद कार्यदायी संस्था एवं मातहतों संग समीक्षा बैठक की। कहा कि दिसंबर 2022 तक हर हाल में सोनवल को सिटी स्टेशन से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल के दोनों तरफ एप्रोच से लेकर मेन प्वाइंट तक सड़क निर्माण के लिए 347 करोड़ की धनराशि रेलवे को अवमुक्त नहीं की गई है, जिससे निर्माण कार्य में बाधा आ सकती है। मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा ने निर्देश दिया कि स्टील स्ट्रक्चरल एवं स्लैब के ढलाई का काम वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही सोनवल स्टेशन, आवास, सड़क, निर्माणाधीन पुलिया सहित अन्य निर्माण जल्द पूरे कराए जाएं। पांच अप्रैल को प्रदेश के मुख्य सचिव एवं केंद्र सरकार की ओर से अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बताया कि जल्द ही, पिलरों पर गार्डर रखने का काम शुरु करने के साथ ही नई लाइन बिछाए जाने की भी प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद नई लाइन पर ट्रेनों के आवागमन के लिए इलेक्ट्रिफिकेशन, लाइटिंग सहित अन्य शेष कामों को भी प्राथमिकता पर कराया जाएगा। इस दौरान एसपी सिंग्ला कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर अमनदीप गोयल, डीपीएम सुनील सिंह, रेजिडेंट इंजीनियर सुप्रियो डे, रवि आनंद तिवारी, दीपक कुमार, जीपीटी के वाइस प्रेसीडेंट अश्विनी कुमार, जीएम गौतम सरकार, कन्हैया कुमार आदि मौजूद थे।