मनिहारी। मनुवापुर चौकिया बाजार से हरिहरपुर, कनरी, औरंगाबाद, चौकिया, खावपुर आदि गांवों को जोड़ने वाली सड़क बदहाल है। ग्रामीण काफी समय से इसके निर्माण की मांग कर रहे हैं। बुधवार को समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव की अगुआई में ग्रामीणों ने बदहाल सड़क पर धान रोप कर विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता ने कहा कि मुख्य मार्ग की दशा बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भरा है। इस वजह से आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो जाते हैं।उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भी दिया जा चुका है लेकिन किसी स्तर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। समस्या की वजह से क्षेत्रीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि एक माह में सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो अनशन किया जाएगा। इस मौके पर साधू बिंद, बृजनंदन यादव, गुड्डू गुप्ता, मोनू ख़ान, भानू यादव, अनिल कनौजिया, रंजीत यादव, प्रदीप कुमार, लालू राम, लौटन बिंद, विकास आदि मौजूद थे।
गंदे पानी में खड़ा होकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन-मरदह। स्थानीय विकासखंड के बरही गांव हरिजन बस्ती को जाने वाले सड़क पर पानी लगने से परेशान ग्रामीणों का बुधवार को आक्रोश फूट पड़ा। पानी से लबालब भरे सड़क पर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि जल्द ग्राम प्रधान सड़क की मरम्मत नहीं कराते हैं तो ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन को विवश होंगे। ग्रामीण मनोज कुमार और घनश्याम कुमार ने कहा कि करीब 50 मीटर तक सड़क बिल्कुल ही ध्वस्त हो चुकी है। आसपास के घरों का पानी भी सड़क पर ही लग रहा है। कई बार ग्राम प्रधान से सड़क मरम्मत के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने शिकायत अनसुनी कर दी। डेढ़ हजार से ऊपर की आबादी वाले बरही गांव स्थित हरिजन बस्ती को आने वाले इस सड़क मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे भी आते-जाते हैं, जो खराब हो चुकी सड़क पर गिरकर घायल भी हो रहे हैं। ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र यादव ने कहा कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में घनश्याम कुमार, अखिलेश, मिथिलेश, मनोज कुमार, विजय आदि मौजूद रहे।