दिलदारनगर। ठंड की शुरूआत होते ही मौसम का असर रेल यातायात पर पड़ने लगा है। ठंड के मौसम में अक्सर रेल पटरियों के चटकने से खतरे की घंटी बजती रहती है। मंगलवार को भोर में दानापुर मंडल के भदौरा, गहमर और चौसा रेलवे स्टेशन के बीच डाउन लाइन में दो जगह रेल पटरी टूटने से ट्रेनों का परिचालन एक घंटे तक बाधित रहा। रेल पटरी की मरम्मत के दौरान अप और डाउन लाइन की ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं। पटरी को दुरुस्त करने के बाद ट्रेनों को आगे बढ़ाया गया।
मंगलवार को भदौरा रेलवे स्टेशन के होम सिग्नल के पास सुबह साढ़े छह बजे डाउन 12295 संघमित्रा एक्सप्रेस गुजरने के बाद एक स्थान पर पटरी टूटी देख रेल पथ विभाग के कर्मचारी चौकन्ने हो गए। आनन-फानन में पूरी पटरी की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई। तभी गहमर और चौसा के बीच भी रेल पटरी टूटी मिली। इसके बाद रेल महकमे में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इसकी जानकारी तत्काल रेलवे के आला अफसरों के साथ रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद गहमर रेल पथ के कर्मचारियों ने टूटी पटरी पर क्लैम्प बांधकर साढ़े सात बजे तक ट्रेनों का परिचालन किसी तरह बहाल कराया। इसके बाद काशन के माध्यम से 30 किमी की रफ्तार से ट्रेनों को उक्त पटरी से गुजारा गया। इस बीच डाउन मेन लाइन में अनन्या एक्सप्रेस, लूप लाइन में पुणे पटना, मेमो पैसेंजर ट्रेन, मंडुवाडीह पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस जहां-तहां स्टेशनों पर खड़ी रहीं। इन्हें पटरी दुरुस्त करने के बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेनें घंटे भर से अधिक समय तक के लिए अलग-अलग स्थानों पर खड़ी रहीं। इस संबंध में दिलदारनगर स्टेशन अधीक्षक नफीस अहमद ने बताया कि मार्ग में दो स्थानों पर ठंड के कारण रेलवे ट्रैक चटक गया था। इस दौरान एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। रेल पथ विभाग के कर्मचारियों द्वारा टूटी रेल पटरी की मरम्मत कराकर ट्रेनों को कासन के जरिए चलाया जा रहा है।