कांग्रेस की ओर से पूरे देश में संविधान दिवस के दिन 26 नवंबर से महा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष मकसूद खान सहित उनके समर्थकों ने सिटी रेलवे स्टेशन स्थित जिला कार्यालय पर सदस्यता का नवीनीकरण कराते हुए अन्य नए लोगों को भी पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं गाजीपुर के प्रभारी मकसूद खान ने कहा कि आज का युवा कांग्रेस की नीतियों को पसंद कर रहा है और तेजी के साथ उससे जुड़ रहा है। गाजीपुर के संगठन में नए सदस्य बनाने का जो उत्साह दिख रहा है, वह वास्तव में काबिले तारीफ है। जनता वर्तमान सरकार की जन विरोधी नीतियों से पूरी तरह से त्रस्त है और देश को फिर पुन: स्वस्थ लोकतंत्र की ओर बढ़ते हुए देखना चाहती है, जो सिर्फ कांग्रेस की सरकार आने के बाद संभव है। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि गाजीपुर जैसे सभी कार्यक्रमों में आगे था, उसी तरह सदस्यता के क्षेत्र में भी आगे रहेगा। अभियान में पूर्व प्रदेश सचिव रविकांत राय, अजय कुमार श्रीवास्तव, मंसूर जैदी, राजेश गुप्ता, ऊषा चतुर्वेदी, संदीप विश्वकर्मा, कुसुम तिवारी, संजय गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, शबीहुल हसन, सुमन चौबे, देवानंद यादव, राजेंद्र भारती, आलोक यादव, प्रदीप कुशवाहा आदि उपस्थित थे।