गाजीपुर: चचेरी बहनों को बचाने के चक्कर में डूबी किशोरी, गंगा में स्नान करते डूबा किशोर, गोताखोर तलाश में जुटे
गाजीपुर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को किशोर सहित दो लोग गंगा में डूब गए। दोनों को ढूंढने के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है।
विस्तार
यूपी के गाजीपुर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को किशोर और किशोर गंगा में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घाटों पर स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के सहारे तलाश में जुटी हुई, लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चला है। पहली घटना करंडा थाना क्षेत्र की जबकि दूसरा मामला सैदपुर नगर स्थित बुढेनाथ महादेव घाट का है।
करंडा क्षेत्र के सोकनी गांव निवासी ओमप्रकाश यादव की मां सुंदरा देवी का निधन हो गया था। बुधवार को दसवां पर परिवार की अन्य महिलाओं, चचेरी बहनों और मां निर्मला यादव के साथ उजाला यादव (14) गांव के बाहर घाट पर गंगा स्नान करने गई थी। इसी दौरान चचेरी बहन रिमा और रीतु गंगा में डूबने लगी।
यह देख उजला उन्हें बचाने के लिए छलांग लगा दी। इधर, गांव के कुछ युवाओं ने रीमा और रीतु को तो बचाकर पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन उजाला गंगा की तेज धारा में बहने के साथ डूबने लगी। आंखों के सामने पुत्री को डूबता देख मां निर्मला एवं परिवार की अन्य महिलाएं शोर मचाने लगी। जब-तक गांव के लोग मौके पर पहुंचते। किशोरी गंगा में समा गई।
पढ़ेंः वरुणा पुल से कूदकर संविदा कर्मी ने दी जान, गंगा में डूबा बीएचयू का छात्र
सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के सहारे किशोरी की तलाश में जुट गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इधर हादसे के बाद भाई दुर्गेश, कृशु और बहन खुशी सहित परिवार की अन्य महिलाओं के रोने-बिलखने से मातम पसर गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि किशोरी की तलाश जारी है।
बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर डूबा राजकुमार
औड़िहार संवाददाता के अनुसार चंदौली जनपद के हसनपुर तिरवां गांव निवासी राजकुमार यादव (16) अपने दो मित्रों अजय यादव और बेचू के साथ नवरात्र के अष्टमी पर बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर नहा रहा था। नहाते समय राजकुमार वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर नहा रही महिलाओं और उसके दोनों दोस्तों के शोर मचाने पर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इधर हादसे की सूचना मिलते ही किशोर के पिता रणधीर यादव गांव के ग्रामीणों के साथ घाट पर पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे। पुलिस स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के साथ तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस संबंध में कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया किशोर की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।