गाजीपुर। विधानसभा चुनाव के चलते सोमवार को सड़कों पर वाहनों का टोटा रहा। इसके चलते यात्रियों की फजीहत हुई। सबसे ज्यादा परेशानी परिवार संग बाहर से आए यात्रियों को हुई उन्हें साधन के अभाव में इधर-उधर भटकना पड़ा। बसों के इंतजार में परेशान लोग मजबूरी में छोटे सवारी वाहनों को रिजर्व कराकर गंतव्य को गए। बसों के चुनाव ड्यूटी में जाने के चलते छोटे वाहनों की चांदी रही।
जिले में विधानसभा की सात सीट के लिए सोमवार को मतदान कराया गया। इसके मद्देनजर अवकाश घोषित था। इस कारण निजी बसों का संचालन भी न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के लंका, रौजा के साथ ही चोचकपुर बस स्टैंड पर यात्री सुबह देर तक सामान लेकर घूमते रहे। हालांकि रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा था लेकिन उनकी संख्या काफी कम होने तथा कई निजी बसों को चुनाव में लगा दिए जाने के कारण यात्रियों को राहत नहीं मिली। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी परिवार संग बाहर से आए यात्रियों को हुई। काफी प्रतीक्षा करने के बाद टैंपो आदि बुक कर लोग घर तक पहुंच सके। विभिन्न रेलवे स्टेशनों गाजीपुर, औड़िहार, जमानिया, यूसुफपुर, जखनिया एवं दिलदारनगर आदि जगहों पर ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को साधन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके बाद भी जब उन्हें सुविधा नहीं मिली तो कुछ लोग अपने घर से दो एवं चार पहिया वाहन मंगाकर गंतव्य तक पहुंचे।