गाजीपुर: दोस्तों संग पार्टी करने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत, सुबह मड़ई में मिला शव
गाजीपुर के चौबहां गांव में दोस्तों के साथ पार्टी करने गए 36 वर्षीय अभिषेक कुमार का शव मंगलवार सुबह मड़ई में चारपाई पर मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
विस्तार
शादियाबाद थाना क्षेत्र के चौबहां गांव में सोमवार रात मित्रों के साथ पार्टी करने गए 36 वर्षीय अभिषेक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह गांव के बाहर स्थित मड़ई में चारपाई पर उनका शव मिला। बताया गया कि रात में अभिषेक ने दोस्तों के साथ शराब पी थी। देर रात अन्य मित्र घर चले गए, जबकि अभिषेक अपने दोस्त बबलू के साथ मड़ई में ही रुक गए थे। सुबह बबलू की नींद खुली तो अभिषेक मृत मिले।
सुबह दोस्त ने दी परिजनों को सूचना
पत्नी सुषमा के अनुसार, सोमवार रात अभिषेक गांव के बाहर मड़ई में मित्रों के साथ पार्टी करने गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। मंगलवार सुबह दोस्त बबलू ने अभिषेक की मौत की सूचना परिवार को दी। इसके बाद परिजन मड़ई पहुंचे और शव को घर ले आए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
अभिषेक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा देवी, सात वर्षीय बेटी सृष्टि, तीन वर्षीय बेटी सरेहा और पांच वर्षीय बेटा आयुष हैं। पति की मौत से पत्नी बदहवास हैं। वहीं मां भगवानी देवी और छोटे भाइयों सोनू व अजय का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा रामकृष्ण तिवारी और थाना प्रभारी राजू दिवाकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
