गाजीपुर: ताड़ के पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत, जिंदगी और मौत से जूझ रहा दूसरा; गुजरात से लौटा था राजकुमार
कासिमाबाद क्षेत्र में मोइद्दीनपुर पुल के पास सोमवार देर शाम बाइक ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसे में गुजरात से दशहरा मेले से पहले घर लौटे युवक की मौत हो गई, जबकि उनके साले सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
विस्तार
घर लौटने की खुशी अभी पूरी तरह परिवार के बीच बिखरी भी नहीं थी कि एक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गुजरात में रहकर सेटरिंग का काम करने वाले राजकुमार चौहान (35) की सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने साले सोनू चौहान के साथ बाइक से कासिमाबाद की ओर जा रहे थे। मोइद्दीनपुर पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसे में राजकुमार की जान चली गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान दशहरा मेले से एक दिन पहले गुजरात से घर लौटे थे। सोमवार की देर शाम वह शादियाबाद थाना क्षेत्र के मदार गांव निवासी अपने साले सोनू चौहान के साथ बाइक से कासिमाबाद की तरफ जा रहे थे। अभी वे मोइद्दीनपुर पुल के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, बाइक सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में कोहराम
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन दोनों को लेकर अस्पताल जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि राजकुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, सोनू का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
राजकुमार की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे। गुजरात में रहकर परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने वाले राजकुमार की अचानक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में राजकुमार चौहान की मौत हुई है, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल है। उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
