गाजीपुर। सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है। सोमवार की सुबह आठ बजे तक कोहरा रहा। दोपहर में धूप निकली लेकिन सर्द हवाओं के चलते लोगों को राहत नहीं मिली। शाम होते ही गलन बढ़ने से लोग घरों में दुबक गए। इस कारण शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। कोहरे की वजह से सड़कों पर बत्ती जलाकर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।
दो दिनों पहले बही सर्द हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हो गया है। सोमवार की सुबह कोहरा छाया रहा। मार्ग पर चलते वाहन बत्ती जलाकर धीमी गति से आते-जाते दिखे। दिन में करीब दस बजे तक कोहरे का असर रहने के बाद धूप निकली। इससे लोगों को कुछ राहत तो मिली लेकिन थोड़ी देर बाद बदली छाई गई, जिससे गलन का प्रभाव और बढ़ गया। शाम होते ही ठंड के कहर से लोग घरों में दुबकने लगे। लोगों के घरों में दुबकने के कारण शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। ठंड एवं गलन बढ़ने से करीमुद्दीनपुर, सैदपुर एवं करंडा इलाके में पशुओं के तेजी से बीमार होने एवं बगीचों में पक्षियों के मरे होने से लोग चिंतित हैं। गो आश्रय केंद्रों पर भी ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। यही हाल छुट्टा घुमने वाले पशुओं का है। कड़ाके की सर्दी पड़ने के बाद भी कई सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। अलाव न जलने से सबसे ज्यादा निराशा गरीबों को हो रही है। वह कागज आदि जलाकर ठंड से राहत पा रहे हैं। लगातार बढ़ती ठंड से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। टोपी, मफलर आदि खरीदारी की जा रही है।