नशे के सौदागरों पर शिकंजा: गाजीपुर में डेढ़ करोड़ की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, निकला मणिपुर कनेक्शन
गाजीपुर जिले में हेरोइन की तस्करी करने आए दूसरे राज्य के तस्कर समेत चार लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के पास से डेढ़ किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ कीमत बताई जा रही है।
विस्तार
गाजीपुर जिले में हेरोइन की तस्करी करने आए दूसरे राज्य के तस्कर समेत चार लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के पास से 1 किलो 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ कीमत बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करों से एक कार और कई मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पता चला है कि सभी मणिपुर से हेरोइन लाते थे। इसके बाद उसे बिहार, झारखंड समेत आसपास के बड़े शहरों में महंगे दामों में सप्लाई करते थे।
गाजीपुर एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक रविवार को मुखबिर की सूचना के बाद बिहार बॉर्डर पर स्थित नहर पुलिया रक्सहां बाईपास के पास चेकिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान असम नंबर की एक कार से एक किलो 500 ग्राम हेरोईन बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये है।
वहीं, कार में सवार मुस्ताक निवासी ग्राम खेकमान थाना थवाल दाम जिला इम्फाल मणिपुर, मोहम्मद अमर खान निवासी उचिवा बनंगबल, मयंग-इम्फाल, इम्फाल पश्चिम, मणिपुर, रकीबुर हसन निवासी मोइजिंग थौबल मयूम, थौबल, थोबल, मणिपुर और मोहम्मद कैश खां उर्फ गुड्डू निवासी मिर्चा, दिलदारनगर गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों में शामिल मोहम्मद कैश खां उर्फ गुड्डू दिलदारनगर थाने का टॉप-10 अपराधी व हिस्ट्रीशीटर भी है। अभियुक्त मुस्ताक, मोहम्मद अमर खान, रकीबुर हसन ने बताया कि वे मणिपुर से हेरोइन लेकर गुड्डू के यहां पहुंचाते हैं। इसके बाद सभी मिलकर हेरोइन को अधिक दामों में बिहार, झारखंड और बड़े शहरों में सप्लाई करते हैं।