दुबिहा। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर पतार के बाद रविवार को भरौली कला गांव के किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि खेतों तक जाने के लिए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास का निर्माण कराया जाए। बाद में लीजिंग मैनेजर दीपक सिंह के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर पतार गांव के किसानों ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया था। इसी क्रम में रविवार को भरौली कलां के किसानों ने रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। लोगों ने मांग की कि गांव के उत्तर तरफ खेतों तक जाने वाली संपर्क मार्ग पर अंडरपास का निर्माण किया जाए। लोगों का आरोप है कि डीपीआर के अनुसार ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। डीपीआर में अंडरपास का भी जिक्र था, लेकिन अंडरपास का निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे खेतों तक आवागमन की समस्या उत्पन्न हो गई है। जमीन अधिग्रहण के वक्त आश्वासन दिया गया था कि जिन किसानों की जमीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के कारण दो हिस्सों में बंट रही है, वहां तक ट्रैक्टर पहुंचने के लिए अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। सूचना पाकर मौके पर पब्लिक रिलेशन अधिकारी नवीन राय पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया। किसानों से पत्रक लेते हुए लीजिंग मैनेजर दीपक सिंह ने आश्वासन दिया गया कि उनकी मांग अधिकारियों तक पहुंचा दी जाएगी। धरने में उदय शंकर राय, विरेंद्र राय, श्रीप्रकाश राय, मुख्तार अंसारी, रमाकांत पाल आदि शामिल थे।