{"_id":"5c32d28faad62545c41627eb18497748","slug":"dewadidev-had-jalabhishek-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"देवाधिदेव का हुआ जलाभिषेक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देवाधिदेव का हुआ जलाभिषेक
ब्यूरो, अमर उजाला, गाजीपुर
Updated Mon, 10 Aug 2015 11:45 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
सावन के दूसरे सोमवार पर आज भोर से ही शिव मंदिरों पर भक्तों के पहुचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शहर के अतिप्राचीन शिव मंदिर मिश्रबाजार, ददरी घाट, बड़ा महादेवा, चीतनाथ, लालदरवाजा सहित कई अन्य जगहों पर स्थित मंदिरों में भोले के भक्तों ने पहुंच कर उनका विधिवत पूजन अर्चन किया। दर्शन पूजन के चलते मंदिरों के आसपास दिन भर चहल-पहल बनी रही। मरदह संवाददाता के अनुसार प्रसिद्घ महाहर धाम पर शहर और विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा अन्य जिलों से पहुचे कावरियों और शिव भक्तों ने देवाधिदेव को जलाभिषेक कर उनके सामने शीश नवाया। भोर में मंदिर का कपाट खुलते ही हरहर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंज उठा। पुष्प, बेलपत्र तथा फल आदि चढ़ा कर उनका पूजन अर्चन किया। हजारों की संख्या में पहुचे कांवरियों के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के अन्य क्षेत्रों सैदपुर, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, जमानिया, बिरनो, जंगीपुर, जखनिया, दिलदारनगर, देवकली, नंन्दगंज, सादात, करीमुद्दीनपुर, भावरकोल, करंडा, भदौरा तथा दुल्लहपुर आदि क्षेत्रों में भी देर शाम तक शिव अराधना की धूम मची रही।