मुहम्मदाबाद। मुर्की खुर्द स्थित शम्स मॉडल स्कूल परिसर में बृहस्पतिवार को अली अहमद एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने सम्मान समारोह और मुशायरे का आयोजन किया। इस दौरान शेरी अकादमी भोपाल के निदेशक अलहाज मकबूल वाजिद को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अल्लाह की नाफरमानी से आज हम सब परेशान हैं। बतौर मुख्य अतिथि मकबूल वाजिद ने कहा कि मुस्लिम समाज के लोगों को अपनी लड़कियों को अपनी संपत्ति में कुरान के अनुसार हिस्सा देने का चलन आरंभ कर देना चाहिए। अल्लाह के इतने बड़े हुक्म की नाफरमानी की वजह से आज हम सब परेशान हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के कवि एवं लेखकों के लिए रिसाले इंसानियत का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कविता पाठ भी किया। इस दौरान कलीम यूसुफपुरी, दानिश गाजीपुरी, कैफ गाजीपुरी, परचम मुहम्मदाबादी, अहकम गाजीपुरी ने अपने कलाम पेश किए। कार्यक्रम में वजीर खान पठान, मोहसिन खान विक्की, औरंगजेब खान, अदनान रजा, नसीम अहमद, अफसा, सारा जावेद उपस्थित थे। अध्यक्षता नूरुल हक खान और संचालन नाजिम रजा ने किया। प्रधानाचार्य राजदा खातून ने शुक्रिया अदा किया।