गाजीपुर में खौफनाक वारदात, अवैध संबंध के शक में कैंची और ईंट से कूंचकर पत्नी की कर दी हत्या
तीन दिन पहले ही सूरत से घर आया था हत्यारोपी, मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
विस्तार
शक के चलते रिश्ते तार-तार हो जाते हैं। लोग अपनों का ही लोग खून कर देते हैं। गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के एक गांव में इसी तरह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बाहर बेटा खेल रहा था और घर के अंदर अवैध संबंध के शक में पिता ने मां की कैंची और ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी घर के बाहर बैठा रहा। सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल हथियार बरामद कर लिया। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
क्षेत्र के बरहपार भोजूराय निवासी हत्यारोपी पत्तु पाल सूरत रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह तीन दिन पूर्व घर आया था। दोपहर 12 बजे किसी बात को लेकर पत्नी बिंदा देवी (30) कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते उसने पत्नी के सिर पर ईंट एवं कैंची से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। बाहर खेलने गया छोटा पुत्र विशाल जब घर पहुंचा तो मां को लहूलुहान देखकर बिलखने लगा। उसके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की घटना स्थल पर भीड़ लग गई। वहीं हत्यारोपी पति घर के दरवाजे पर बैठा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। वारदात की जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
वहीं कुछ देर बाद एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी भी घटना स्थल पर पहुंच गए और छानबीन में जुट गए। मृतका के भाई डढ़वल निवासी भाई सत्यनारायण पाल भी मौके पर पहुंच गए। घर में बहन का शव देखकर बिलखने लगे। पुलिस की पूछताछ में छोटे पुत्र ने पुलिस को बताया कि पिता ने ही मां से झगड़ा करने के बाद उसके सिर को ईट और कैंची के प्रहार से हत्या कर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की है। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी का चालान कर दिया गया।
हत्यारोपी के चेहरे पर नहीं दिख रहा था पछतावा
अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या करने वाला हत्यारोपी पति घर के बाहर दरवाजे पर बैठा था। वारदात को अंजाम देने के बाद उसके चेहरे पर तनिक पछतावा नहीं दिखाई दे रहा था। यही नहीं ग्रामीण जब घटना स्थल पर पहुंचे तो हत्यारोपी उनसे भिड़ गया और कहासुनी करने लगा।