गाजीपुर। कोरोना संक्रमण भले ही कम हुआ है, लेकिन संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी अस्थायी जेल के नौ बंदी समेत 19 की रिपोर्ट देर शाम साढ़े आठ बजे पॉजिटिव आई। जबकि होम आइसोलेट एवं कोविड सेंटर में भर्ती 4283 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब तक 67 मरीजों की मौत हो चुकी है। जनपद में इन दिनों एक्टिव मरीजों की संख्या 151 है।
जिले में एक बार फिर कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि होनी शुरू हो गई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में सर्वे टीम द्वारा लगातार कोरोना संक्रमितों को चिह्नित करने के साथ उनकी जांच कराई जा रही है, जिससे संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। देर शाम आई रिपोर्ट में अस्थायी जेल के नौ, सादात में एक, तारापुर में तीन, खुर्द एक, बासुचक एक, सदर एक, खानपुर एक, रामपुर एक और सैदपुर में एक कोरोना संक्रमित मरीज मिले। ऐसे में लक्षण विहीन और लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करने के लिए मेडिकल टीम ने ट्रेसिंग की प्रक्रिया शरू कर दी है। इसके अलावा विभाग की अन्य टीमों द्वारा बड़े पैमाने पर मिल रहे मरीजों के क्षेत्रों में दवा का छिड़काव शुरू कर दिया गया है, जिससे संक्रमण का फैलाव न हो सके। इस संबंध में एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि 19 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।