रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के नरायनापुर गांव में सोमवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। दोनों तरफ से एक -दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे चला। मारपीट की घटना में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सीएचसी पर चल रहा है। थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि भूमि पर झोपड़ी रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों में मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
एक पक्ष के शिवमुनी यादव (60), रजनू यादव (35), राजेश यादव (30), गीता यादव (55) और दूसरे पक्ष के विजय यादव (50), ओमप्रकाश चौधरी (40), खुशबू (18), खुशी (20), काजल (15) और गुड़िया देवी (52) घायल हो गईं। इधर, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठियों से हमला करते दिख रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।