गहमर/सेवराई (गाजीपुर)। पराशर गोत्रीय गंगेश्वर वंशीय चौरासी और बाबा गंगेश्वर जन कल्याण समिति की ओर से रविवार को मां कामाख्या धाम परिसर में स्थित कामाख्या मंडप में गंगेश्वर जीवन दर्शन मूल वंशावली ग्रंथ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष खाद सुरक्षा और औषधि मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र रहे।
मां कामाख्या की स्थापना करने वाले के कुल पुरोहित बाबा गंगेश्वर की स्मृति में आयोजित समारोह बाबा गंगेश्वर के जीवन पर आधारित पुस्तक वंशावली ग्रंथ पुस्तक के विमोचन के बाद मुख्य अतिथि ने कहा कि बाबा गंगेश्वर मां भगवती के अनन्य साधक होने के साथ ही एक संकल्पवान व साहसी व्यक्ति थे। आतताइयों के अत्याचार से मुक्त होकर अपनी वंशावली के साथ आज से 500 वर्ष पूर्व सकराडीह नामक स्थान पर आकर सनातन धर्म की रक्षा के उद्देश्य से जिस प्रकार बाबा गंगेश्वर ने यहां सिद्ध धाम मां कामाख्या मंदिर की स्थापना की और धर्म रक्षा के लिए गहमर, करहिया, सेवराई और देवल गांव सहित बिहार राज्य के 84 गांवो में अपने वंशावली का विस्तार कर संपूर्ण क्षेत्रवासियों को सदैव धर्म मार्ग पर चलते रहने की गौरवशाली परंपरा का सूत्रपात किया। उसे कदापि भुलाया नहीं जा सकता। वह एक साधारण मानव न होकर एक युग पुरुष थे। इस मौके पर डॉ. रामप्रकाश उपाध्याय, मृत्यंजय मिश्रा, आशुतोष उपाध्याय, डॉ. सानंद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय आदि मौजूद रहे।