गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की टीम ने युवती के अंडाशय से लगभग 30 सेंटीमीटर लंबे बड़े ट्यूमर को सफलतापूर्वक हटाया। 16 सितंबर को डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन किया। करीब एक घंटे तक आपरेशन चला। मरीज स्वस्थ है।
यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टर डॉ. नंदन राय ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले एक युवती समस्या लेकर मेडिकल कॉलेज की यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी में पहुंची थी। मरीज लगातार पेट दर्द, असहजता और अनेक समस्याओं से परेशान थी। उसे तत्काल आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई। मरीज की पूरी जांच मेडिकल कॉलेज में ही कराई गई। जांच में पता चला कि मरीज के अंडाशय में बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है, जो न केवल पेट के अंदर जगह घेर रहा था बल्कि अन्य अंगों पर दबाव डालकर गंभीर समस्या पैदा कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम के साथ तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया गया। इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को डॉ. रामकृत और डॉ. अक्षय की टीम के साथ किया। करीब एक घंटे तक चली सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने ट्यूमर को हटा दिया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनामिका और डॉ. स्पर्श शामिल रहे। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति अब सामान्य है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने टीम को बधाई दी। कहा कि यह उपलब्धि जिले के मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण है।