गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को लेकर विभाग गंभीर है। इस क्रम में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारियों एवं जिला समन्वयकों की तरफ से 21 अप्रैल से 20 मई तक विभिन्न विकासखंडों में स्थित विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 63 प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षा मित्र एवं अनुदेशक अनुपस्थित मिले। उनका अनुपस्थित दिवस का वेतन-मानदेय रोक दिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारियों एवं जिला समन्वयकों की तरफ से 21 अप्रैल से 20 मई के बीच विभिन्न विकासखंडों में स्थित विद्यालयों का निरीक्षण किया गया था। प्रेरणा निरीक्षण पोर्टल पर समीक्षा के बाद 63 कार्मिकों का अनुपस्थित दिवस का वेतन-मानदेय बाधित कर दिया। इसमें शिक्षा क्षेत्र जमानिया से 17 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह सादात ब्लाक से नौ, भांवरकोल से एक, बिरनो पांच, सदर चार, करंडा तीन, मनिहारी तीन, रेवतीपुर छह, सैदपुर पांच, कासिमाबाद से एक, भदौरा से तीन, मुहम्मदाबाद से दो, बाराचवर तीन एवं जखनिया से एक कार्मिक अनुपस्थित पाया गया। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों को निर्देश दिया कि वह अपना स्पष्टीकरण खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से 26 मई तक कार्यालय को उपलब्ध कराएं। स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने की दशा में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हिदायत दिया कि बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने वाले अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।