Firozabad: डीएपी खाद के लिए मारामारी, सहकारी समितियों पर हुआ हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
खैरगढ़, हाथवंत और नंदपुर की साधन सहकारी समितियों के साथ-साथ जसराना की पारौली, जसराना समितियों पर शुक्रवार को किसानों की भीड़ रही। हंगामा होने पर पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले में रबी की फसल की बुवाई शुरू होने के साथ ही साधन सहकारी समितियों पर डीएपी खाद के लिए मारामारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को खैरगढ़, हाथवंत और नंदपुर की साधन सहकारी समितियों के साथ-साथ जसराना की पारौली, जसराना समितियों पर किसानों की भीड़ रही। हंगामा होने पर सचिवों को पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। किसानों का कहना था कि जरूरत अधिक है लेकिन डीएपी कम मिल रही है।
हाथवंत की साधन सहकारी समिति नंदपुर, खैरगढ़ के साथ-साथ कनवारा, बैरनी सनौरा समितियों पर शुक्रवार को सुबह से ही डीएपी लेने के लिए किसान पहुंच गए। यहां किसानों की भीड़ को तो देखकर सचिव परेशान दिखाई दिए। किसानों की भीड़ और हंगामा होने पर मौके पर पुलिस बुला ली गई। थाना प्रभारी खैरगढ़ अनिरुद्ध प्रताप सिंह फोर्स के साथ समितियों पर पहुंचे और डीएपी का वितरण कराया।
महिला किसानों ने किया हंगामा
सिरसागंज स्थित इफ्को के सेंटर पर डीएपी लेने वाले किसानों की लंबी-लंबी कतार लगी दिखाई दी। महिला किसानों को जब डीएपी देर से मिल सकी तो हंगामा होने लगा। किसानों को समझाया गया कि पर्याप्त मात्रा में डीएपी है, सभी को मिलेगी इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। जसराना ब्लॉक की साधन सहकारी समिति जसराना एवं पारौली पर शुक्रवार को डीएपी मिलने की सूचना पर सुबह से ही किसानों की भीड़ लग गई। इस दौरान भीड़ को देख सचिव द्वारा वितरण नहीं करने पर किसानों ने हंगामा किया।
एसडीएम ने दी यह दलील
एसडीएम जसराना विवेक राजपूत ने कहा कि किसानों के एक साथ पहुंचने के कारण डीएपी का वितरण करने में परेशानी हो रही है। किसानों द्वारा हंगामा करने की सूचना पर उतरारा एवं जसराना खास समिति पर पुलिस को भेजकर डीएपी का वितरण कराया है। निजी दुकानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।जसराना खास की साधन सहकारी समिति के सचिव श्यामबाबू सिंह ने बताया कि डिमांड के सापेक्ष समिति को डीएपी की कम बोरियां मिली हैं। किसानों के द्वारा हंगामा किया जा रहा था। इसके कारण एसडीएम जसराना को सूचना दे दी थी। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में डीएपी का वितरण कराया गया।
नहीं हुआ खाद का वितरण
शिकोहाबाद में मंडी समिति स्थित इफको सेंटर पर शुक्रवार को खाद का वितरण नहीं हुआ। वहां मौजूद किसानों ने बताया कि खेत की परेवट किए हुए 15 दिन से भी ज्यादा समय हो गया है। डीएपी नहीं मिली तो फसलों की बुवाई पर बुरा असर पड़ेगा। क्षेत्र में मौजूद ज्यादातर समितियों के यही हाल है।