फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Firozabad News ›   Suhagnagri became colourful in the fun of holi

होली की मस्ती में रंग-बिरंगी हुई सुहागनगरी

Sat, 07 Mar 2015 11:11 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला फीरोजाबाद
ब्यूरो, अमर उजाला फीरोजाबाद Updated Sat, 07 Mar 2015 11:11 PM IST
विज्ञापन
Suhagnagri became colourful in the fun of holi
 होली का त्योहार सुहागनगरी में परंपरागत तरीके से मनाया गया। होलिका दहन के साथ ही जौं भूनकर एक दूसरे के घर जाकर गले मिले और होली की शुभकामनाएं दीं। सूरज निकलते ही होली का हुड़दंग शुरू हुआ,दोपहर तक चला। कोई अबीर गुलाल से रंगा नजर आया। कोई एक दूसरे को कींच मिट्टी में रगड़ता दिखा। देवरों ने भाभी को रंग डाला तो भाभियां भी देवरों को रंगने को दौड़ लगाती दिखाई दीं।
विज्ञापन

होली की नशे में मदमस्त हुरियारों ने तो गली मोहल्लों में रखी होली के निकट ही पूरी रात्रि जागकर गुजारी। प्रशासन की सख्ती का असर दिखाई दिया। अधिकांश होली के निकट इस बार डीजे सिस्टम नहीं दिखाई दिए। तड़के जैसे ही होली में आग लगी वैसे ही हर कोई घरों से बाहर निकला और जौं भूनने के साथ ही घरों पर रखी होली को जलाने के लिए आग लाए। घरों में आग जलाने के साथ ही होली में जौ भूनें। इसी के साथ बच्चों की टोलियां जहां गलियों में एक दूसरे के गुलाल एवं अबीर लगाना शुरू कर दिया। वहीं युवाओं की टोलियां अलग तो महिलाएं अलग टोलियों में सक्रिय दिखाई दीं। पॉश कालोनियों का नजारा ही अलग दिखाई दे रहा था। गणेश नगर,विभव नगर के साथ गुंजन एंक्लेव,ओम अपार्टमेंट आदि में होली पर अलग ही ड्रेस में महिलाएं नजर आईं। गुंजन एंक्लेव में तो कालीनो वाशिंदों ने शिव मंदिर पर होली मिलन का कार्यक्रम रखा। एक दूसरे के अबीर गुलाल लगाने के साथ ही पकवानों का आनंद लिया। होली खेलने के साथ ही होली गीतों पर थिरकने में महिलाएं पीछे नहीं रहीं। युवतियां ठुमके लगा रहीं थी वहीं बच्चे भी थिरक रहे थे। नई आबादी वाले इलाकों में कींच-मिट्टी की होली हुई। इधर एक दूसरे के घर होली मिलने के साथ ही आने वाले मेहमानों का स्वागत किया गया। ग्रामीण अंचल में फाग गाते हुए ढोलक की थाप पर नाचते एवं थिरकते हुए होली के हुरियारे निकले। होली के रंग से सराबोर होकर कोई होली गीत गा रहा था तो कोई एक दूसरे के ऊपर रंग डाल रहा था। ग्रामीण अंचल में तो शाम तक यही क्रम चला।
विज्ञापन


सड़कों पर छलके जाम
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। होली का हुड़दंग में सुरा प्रेमी भी किसी से पीछे नहीं रहे। मुख्य चौराहों पर जाम लड़ते दिखाई दिए। किसी का भय तक नहीं था। होली के मौके पर पुलिस कर्मी भी देखकर चुपचाप ही निकल गए। यही बोले होली है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पेश की कौमी एकता की मिशाल
फीरोजाबाद(ब्यूरो)।शासन व प्रशासन ने भले सुहागनगरी को अतिसंवेदनशील श्रेणी में माना हो। होली के मौके पर सुहागनगरी के बाशिंदों ने कौमी एकता की मिशाल पेश की।  सभी ने एक दूसरे के अबीर व गुलाल ही नहीं लगाया बल्कि गले मिले,होली की मुबारकबाद दी।

पुलिस भी रही सक्रिय
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। होली के हुड़दंग के बीच खाकी भी सक्रिय दिखाई दी। प्रमुख चौराहों के साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने अबीर गुलाल उनकों भी रंग दिया। कोटला मोहल्ला,मोहल्ला टीला, बड़ी छपैटी के साथ ही रसूलपुर, उर्वशी चौराहे पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। पुलिस टाटा मैजिक की गाड़ियों में सक्रिय रही। ताकि कोई किसी को जबरन रंग नहीं डाले।

रंग कम गुलाल-अबीर का अधिक प्रयोग
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। होली पर सुहागनगरी के बाशिंदों ने पानी बचाओ अभियान का संदेश दिया। शहर में रंगों की होली काफी कम बल्कि गुलाल का सर्वाधिक प्रयोग हुआ। अधिकांश लोगों के हाथों में गुलाल की पुड़िया ही दिखाई दी। कुछ अवश्य रंगों से होली खेलते दिखाई दिए। इससे पानी की खपत कम होती है।

खूब छनी ठंडाई
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। होली के मौके पर ठंडाई का वितरण किया गया। किसी ने भांग से बनी ठंडाई छानी तो कोई  सादा ठंडाई का आनंद लेता दिखाई दिया। इस तरह का आलम नगर के प्रमुख मंदिरों में देखने को मिला। मोहल्ला दुली स्थित मंदिर श्री राधामोहन जी महाराज में ठंडाई का वितरण प्रदीप दीक्षित कल्लू के सहयोग से किया गया। बस स्टेंड बगीची वाले मंदिर के साथ ही पेमेश्वरनाथ मंदिर पर इसी तरह का आलम दिखाई दिया।
बाजारों में दिखा होली के बाद सन्नाटा
दुकानदार एक दूसरे को दी होली की शुभकामनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। होली की दौज पर बाजारों में सन्नाटा नजर आया। सदर बाजार और क्षेत्रीय बाजारों में दुकानें कम खुलीं। बाईपास रोड पर भी सन्नाटे जैसा नजारा था।
होली के हुड़दंग के दूसरे दिन भी हर कोई थकान मिटाता नजर आया। अन्य दिनों की तुलना में बाजारों में चहलकदमी कम थी। सदर बाजार के साथ-साथ कोटला रोड, जलेसर रोड, बस स्टैंड एवं एसएन रोड पर इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। इंडस्ट्रियल स्टेट स्थित कारखानों में सन्नाटा पसरा था। बाईपास और सर्विस रोड पर कई दुकानें बंद दिखीं। जो दुकानें खुली, वो भी अपराह्न चार बजे के बाद बंद हो गईं। इधर, ग्रामीण अंचल में होली का हुड़दंग दूसरे दिन भी चला। हुरियारों की टोलियां सुबह सात बजे से सक्रिय हो गई थीं।

लखनपुर आश्रम में हुई बरसाने की होली
सिरसागंज। ग्राम लखनपुर में होली का त्योहार धूम धाम से मनाया गया। बरसाने से आए कलाकारों ने राधा कृष्ण की होली की अद्भुत छटा प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। वहीं शिकोहाबाद के ज्ञानदीप विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
लखनपुर के सिद्धपीठ शनिधाम में होली की पूर्णिमा पर ब्रज होली के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ज्ञानदीप स्कूल व बरसाने से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। लठामार होली का प्रदर्शन कर कार्यक्रम में अनोखी छटा बिखेरी वहीं वृंदावन के कलाकारों ने ब्रज गीतों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। विधायक सिरसागंज हरिओम यादव, पालिकाध्यक्ष सिरसागंज संजीव यादव, विजय प्रताप सिंह छोटू, जगवीर सिंह तोमर, चंद्रपाल, सुरेश प्रधान, अशोक डायमंड, डा धर्मेंद्रनाथ, डा. राघवेंद्र सिंह आदि लोग भी आश्रम में होली का आनंद लेने के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भी एक दूसरे से जमकर होली खेली। कार्यक्रम के अंत में राधा और कृष्ण के महारास का आयोजन किया गया। जिसने सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फूलों की होली ने लोगों का दिल जीत लिया। स्वामी महारामदास ने कहा कि होली आपसी मेल मिलाप और द्वेष भुलाकर परायों को भी गले लगाने का त्योहार है। संचालन ज्ञानदीप की प्रधानाचार्य रजनी यादव ने किया।


विदेशियों ने भी लिया होली का आनंद
डा. धर्मेंद्र नाथ के साथ आए विदेशी चिकित्सक भी होली को देखकर स्वयं अपने को होली खेलने से नहीं रोक सके और उन्होंने रंगीले कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों के साथ जमकर होली खेली।


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed