शिकोहाबाद। मक्खनपुर क्षेत्र अंतर्गत अंगदपुर गांव स्थित वद्रीनाथ ईंट उद्योग पर काम कर रहे चार मजदूर बिजली की चपेट में आ गए। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से झुलस गए। सोमवार सुबह एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित मजदूरों को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम सुबह अंगदपुर स्थित वद्रीनाथ ईंट उद्योग पर पहुंचे। उनके साथ तहसीलदार और हलके के लेखपाल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भट्टा पर मौजूद मुनीम बेदारी और अन्य मजदूरों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने भट्टा के संचालन की अनुमति सहित अन्य जानकारी एकत्रित की। इसके साथ ही वहां मौजूद पीड़ित मजदूरों को हर संभव मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि दैवीय आपदा में कल्लू (42) पुत्र गुलाई निवासी रतसाई कौसांबी की मौत हो गई है, जबकि लोटन पुत्र जगमोहन निवासी विलोचन, नीलका (40) पुत्र हरेलाल निवासी बरमवादी और ननहीं (26) पुत्र बंजन निवासी चकवेना कोसांबी हैं। जिसमें कल्लू की मृत्यु हो गई है। इनके बारे में सभी की जानकारी एकत्रित की गई है। मृतक सहित तीनों पीड़ित मजदूरों को सरकार द्वारा आर्थिक मदद दिलाने में प्रशासन हर संभव मदद करेगा। इसके साथ ही भट्टा से संबंधित जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी मिलने पर भट्टा स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।