फिरोजाबाद। पूर्व सपा सांसद अक्षय यादव शुक्रवार को उपद्रव में मारे गए मोहल्ला मशरुरगंज स्थित अबरार के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिजन से भेंट करने के साथ मृतक अबरार के पिता मोहम्मद एजाज को पांच लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। पूर्व सांसद ने पुलिस की ओर से गठित टीम द्वारा की जा रही जांच पर सवाल उठाया और कहा कि पूरे मामले की जांच न्यायिक रूप से किसी रिटायर्ड जज के माध्यम से कराई जाए। एसआईटी की जांच से न्याय नहीं मिल सकेगा।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में फिरोजाबाद में 20 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान काफी उपद्रव हुआ था। इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, इसमें गोली लगने से घायल अबरार ने भी बाद में दम तोड़ दिया था। उधर, अक्षय यादव के साथ सपा जिलाध्यक्ष दुर्गपाल उर्फ डीपी यादव, महानगर अध्यक्ष जर्रार अहमद राजू, खालिद नसीर, आसिफ नसीर, पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा, चौधरी संजय यादव, डॉ. विजय आर्या, सचिन यादव, आदर्श यादव धन्नू, रामप्रताप सिंह गुर्जर. वाहिद कुरैशी, इरशाद कुरैशी मुख्य रुप से शामिल थे।