Health News: तेज धूप झुलसा रही त्वचा, सन बर्न, खुजली, पेट व बुखार मरीज बढ़े, डॉक्टर ने बताई सवाधानियां
फिरोजाबाद में तेज धूप लोगों की त्वचा झुलसा रही है। यहां सन बर्न, खुजली, पेट व बुखार मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टर ने इससे बचाव के लिए सवाधानियां बताई हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में तेज धूप लोगों की त्वचा को नुकसान पहुंचा रही है। मेडिकल कॉलेज में बुखार, डायरिया से ज्यादा त्वचा रोगी इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। तेज धूप से त्वचा की ऊपरी परत जल रही है। जलन, खुजली से बुरा हाल है। सफेद, लाल चकत्ते के साथ लोगों को सोरायसिस की भी परेशानी है। बीते दो दिन में चर्म रोग विभाग में 779 मरीज पहुंचे हैं। जबकि, मेडिसन विभाग में 766 मरीज पहुंचे हैं। इनमें बुखार, डायरिया, पेट दर्द के 360 मरीज ही इलाज करा रहे हैं।
ओपीडी में पहुंचे 380 से ज्यादा मरीज
मेडिकल कॉलेज में 1500 के पार हर रोज ओपीडी हो रही है। अस्पतालों में त्वचा रोग की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. नमन कुमार ने बताया कि तेज धूप पड़ी है तो त्वचा रोगियों की संख्या में तेजी से बढ़ रही है। त्वचा रोग की ओपीडी में करीब 380 से जज्यादा मरीज आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा सन बर्न के रहे।
रोगियों में फंगल इंफेक्शन भी मिला
शरीर का खुले हुए हिस्से जैसे हाथ, गर्दन, चेहरे पर सबसे ज्यादा परेशानी मिली। ऐसे 30 से 40 मरीज रहे। इनमें धूप में कार्य करने वालों और बच्चों की संख्या अधिक है। 20 से 25 मरीजों के शरीर पर लाल-सफेद चकत्ते भी पाए गए हैं, पानी की कमी के कारण त्वचा शुष्क भी मिली। 10 से 15 मरीजों के बगल और जांघ के आसपास फंगल इंफेक्शन भी मिला। सोरायसिस की परेशानी भी हो रही है।
यह भी पढ़ेंः- UPSC CSE Result: दिव्यांगता को मात दे सूरज तिवारी ने हासिल की 917वीं रैंक, बोले- कुछ भी हो न हारें हिम्मत
तले हुए और चिकने खानपान से करें परहेज
चिकित्सक ने बताया गर्मी के मौसम में बिना बचाव के बाहर निकलने और खान-पान में लापरवाही लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। लोगों को जरूरत पड़ने पर ही धूप में निकलना चाहिए, इस दौरान सिर व चेहरे को गमछे से ढक कर चलें। साथ ही धूप से वापस आने के तुरंत बाद ठंडी चीजों का सेवन न करें। तली, चिकने खानपान से परहेज करना चाहिए। बासा भोजन कतई न करें।
ये बरतें सावधानियां
- पानी की कमी न होने दें, पांच से आठ लीटर पानी पीएं।
- बाहर जाते वक्त चेहरा ढककर रखें, आंखों पर चश्मा लगाएं।
- संतरा, तरबूज, खरबूज, ककड़ी, खीरा खूब खाएं।
- ग्लूकोज डालकर पानी पीएं, या फिर नमक-चीनी डाल सकते हैं।
- सूती और ढीले कपड़े पहनें
- फील्ड वर्क करने वाले सुबह-शाम अच्छी तरह से नहाएं।
- धूप में खाली पेट बाहर न जाएं।
- हल्का भोजन करें, दही को शामिल करना चाहिए।