फिरोजाबाद। लखनऊ में अधिवक्ता शिशिर त्रिपाठी की हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को जनपद न्यायालय में अधिवक्ताओं ने कामकाज ठप रखा। जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। कामकाज के ठप रहने से मुवक्किलों को समस्या हुई।
लखनऊ में अधिवक्ता की हत्या किए जाने के कारण बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के अध्यक्ष नाहर सिंह यादव तथा महासचिव सुरेंद्र सिंह कुशवाह एडवोकेट ने कार्य से विरत रहने का आह्वान किया। अधिवक्ताओं के काम नहीं करने के कारण न्यायालय में आने वाले मुवक्किलों को बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नाहर सिंह यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं पर आए दिन हमले हो रहे हैं। लेकिन इनको सुरक्षा नहीं मिल रही है। इस दौरान उपाध्यक्ष दिनेश यादव, कोषाध्यक्ष शिवशंकर यादव, योगेेंद्र जादौन, धर्मेंद्र यादव, बहोरी सिंह बघेल, सुधीर माहेश्वरी, कौशल एडवोकेट, राजरानी कुशवाह, सुषमा शर्मा, आलिया रफत सादमा, नील कमल यादव, केके राजपूत, चंद्रवीर सिंह सिकरवार शामिल रहे।