जसराना (फिरोजाबाद)। जसराना के शिव आदर्श एजूकेशन कैंपस पैढ़त में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में बीस जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विद्यालय के सचिव इं. सचिन यादव ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।
कई वर्गों में हुई प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण, 32 रजत एवं 14 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में मथुरा, रामपुर, आगरा, अयोध्या, नोएडा, मेरठ, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद आदि जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के सचिव शरद कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
शरद कुमार ने बताया कि स्पर्ण पदक पाने वाले प्रतिभागियों को नेशनल लेवल पर खेलने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के संयोजक सचिन यादव ने प्रेमप्रकाश, दीक्षा, उर्वशी, जान्हवी, रिशू, कार्तिक, अभिषेक, चिराग, सुमित, जय आदि को पदक देने के साथ एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कोचों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।