फिरोजाबाद/नारखी। भारतीय किसान यूनियन (भानु) की महापंचायत में सोमवार को पहुंचे केंद्रीय कानून राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के आश्वासन पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने भूख हड़ताल खत्म कर दी। उन्होंने आश्वासन दिया वह प्रधानमंत्री के समक्ष बात को रखकर उनको हल कराने का प्रयास किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह पिछले सात दिनों से किसानों की समस्याओं को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। सोमवार को किसान महापंचायत बुलाई थी। भानुप्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं के निदान को उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आए थे। उन्होंने आश्वासन दिया था, लेकिन कई समस्याएं हल नहीं हुई है। प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं को रखते हुए हम पिछले आठ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। महापंचायत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरन पाल सिंह, राष्ट्रीय महासचिव देशराज भगत, राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिंह एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज नागर ने विचार व्यक्त किए। महापंचायत स्थल पर केंद्रीय कानून राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह समस्याओं को प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगे। इस दौरान कौशल किशोर उपाध्याय, उपेंद्र सिंह, सुनील सिंह,सर्वेश यादव, ब्रज मोहन सिसोदिया, राजीव नागर,निकुंज ठाकुर आदि सहित काफी किसान मौजूद थे।