फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमित हॉटस्पॉट एरिया में अब जिला सरकारी बैंक की मोबाइल एटीएम वैन कैश मुहैया कराएगी। मोबाइल एटीएम वैन पर स्टाफ को पूरी सुरक्षा के साथ पहुंचने और सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। हॉटस्पॉट एरिया में लोगों के नकदी के संकट को दूर करने के लिए जिला सहकारी बैंक की मोबाइल एटीएम वैन को तैनात करने का फैसला किया गया है। डीएम चंद्र विजय सिंह के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक के सचिव महाप्रबंधक ने मोबाइल वैन को तैनात कर दिया है।
सोमवार को मोबाइल एटीएम वैन सलमान फारुखी मस्जिद रहीमनगर, दुर्गेश नगर, ताड़ो वाली बगिया, मोमिन नगर, अशरफ गेट, मशरूर गंज, मंगलवार को शीशग्रान क्षेत्र इमामबाड़ा, शीशग्रान, चौकी गेट, छतरीवाला कुआं, मोहम्मदपुर पर खड़ी रहेगी। वहीं बुधवार को मोती मस्जिद वाला क्षेत्र, होली वाली भट्ठी, झमैया टोला, सुभान टीला, तेली वाली गली, अंडियाई वाली गली, कबूतर मंडी, बृहस्पतिवार को होलीपैथ क्षेत्र हुसैनी मोहल्ला, शीतल खां रोड, गालिब नगर, शुक्रवार को राहीनगर क्षेत्र नसीरगंज, हाजीपुरा, कश्मीरी गेट क्षेत्र में मोबाइल वैन रहेगी। मोबाइल एटीएम वैन ले जाने वाले कर्मचारी सामाजिक दूरी का पूरी तरह से पालन करेंगे और साथ ही एटीएम कार्डधारकों को भी पालन कराएंगे। मोबाइल वैन प्रतिदिन सैनिटाइज की जाएगी। खाता धारकों के हाथ धनराशि निकालने से पूर्व सैनिटाइज कराए जाएंगे। प्रत्येक निकासी के बाद एटीएम का पैड एवं पायदान को सैनिटाइज किया जाएगा।