शिकोहाबाद। पेट्रोल-डीजल व गैस सिलेंडर की आसमान छू रहीं कीमतों के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर से जिला मुख्यालय तक साइकिल यात्रा निकाली। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महासचिव रामसेवक वैद्य ने किया। साइकिल यात्रा मोहल्ला गढैया के पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर जिला मुख्यालय दबरई तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेसी प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
पार्टी के प्रवक्ताओं ने कहा कि कोरोना महामारी की मार से अभी समाज उबर नहीं पाया है। इसके बावजूद भाजपा सरकार ईधन के दामों में बढ़ोतरी कर रही है। इससे दैनिक उपभोग की वस्तुएं दिन-प्रतिदिन महंगी होती जा रही हैं। कांग्रेस पार्टी साइकिल यात्रा के माध्यम से मांग करती है कि सरकार बढ़े तेल की कीमतों पर रोकथाम लगाए। उद्योग-धंधे सुचारू रूप से चलाए जाएं, जिससे युवाओं को दोबारा रोजगार मिल सके।
साइकिल यात्रा में शामिल होने वाले लोग रामसेवक, जगदीश वाल्मीकि, शाहिद अली, जुल्फिकार अली, समीर कुरैशी, कमलेश, सुरेश यादव, योगेश दिवाकर, हरिसिंह, मोहित, पप्पू, गौरव, संतोष, संदीप, नीलेश और मोनू आदि मौजूद रहे।