फिरोजाबाद। कोटला चुंगी से बंबा चौराहे तक जाने वाले रैपुरा रोड का बाजार अनलॉक 1.0 में भी बंद है। बाजार बंद होने के कारण दुकानदारों के समक्ष रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा ध्यान नहीं देने पर दुकानदारों ने डीएम से बाजार खोलने की मांग की है। शहर के अधिकांश बाजार सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक साइड तीन दिन तो दूसरी साइड दूसरे दिन खोलने की हरी झंडी प्रदान कर दी गई है। कुछ बाजार नहीं खुलने के कारण यहां के दुकानदारों में बाजार खोलने को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। कोटला चुंगी चौराहे से लेकर रैपुरा रोड तक के बाजार को खोलने की मांग को लेकर क्षेत्रीय दुकानदारों ने नगर मजिस्ट्रेट से भेंट की लेकिन नगर मजिस्ट्रेट ने मरीज मिलने की बात कहका बाजार खोलने की संभावना को निरस्त कर दिया।
इसके विरोध में रैपुरा रोड बाजार के दुकानदारों ने बुधवार को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए धरना दिया। इस दौरान दुकानदारों ने डीएम से मांग की कि संक्रमित क्षेत्र को छोड़कर शेष बाजार को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। तीन माह से दुकानों के बंद रहने के कारण हालत खराब हो गई है। मांग करने वालों में राजू कुशवाह, अनूप कुमार, बोले शंकर, ओमप्रकाश, मुकेश कुमार, अखिलेश कुमार, गौरव शर्मा, शंभूदयाल, मनीष कुमार, प्रदीप जैन, महीपाल सिंह, निहाल सिंह, मनोज सविता, सुनील कुमार, ललित जैन, आखिल कुमार आदि सहित काफी दुकानदार शामिल थे।