फिरोजाबाद/फरिहा। कायथा बंबा कटने के कारण फरिहा क्षेत्र के गांव नवलपुर में करीब दो सौ बीघा खेत जलमग्न हो गए थे। खेतों में भरे पानी को निकालने के लिए ग्रामीणों ने निजी खर्चे पर ट्रॉली पंप लगवाया। प्रशासन की उदासीनता से किसानों में आक्रोश है।
रविवार को ग्रामीणों ने गांव के ही हरीओम और जयप्रकाश की ट्राली से खेतों में भरे पानी की निकासी के लिए प्रयास शुरू कर दिए। देर शाम तक सभी खेतों से पानी नहीं निकल सका। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण बलराम सिंह, हरिओम, जयप्रकाश, रामपाल, कमलकांत, विशेष कुमार, सुनहरी, रामनरेश आदि का कहना है कि प्रशासन की इस लापरवाही से उनकी आलू, गेहूं और अन्य फसलों के खराब होने का खतरा बन गया है। क्योंकि पानी भरा होने के कारण आलू जमीन के अंदर ही गल जाएगा। वहीं गेहूं की पैदावार पर भी फर्क पड़ेगा। लाखों रुपये की फसल जलमग्न होने के बाद भी अधिकारियों ने गांव का भ्रमण तक नहीं किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों ने जलभराव से खराब होने वाली फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।