खागा। भाकियू राष्ट्रीयतावादी संगठन ने शुक्रवार तहसील परिसर में धरना देकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इसके बाद छह सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अंधाधुंध अघोषित कटौती की जा रही है। कई बार की गई शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पर्याप्त बिजली आपूर्ति की जाए। पलवा मजरे सरसौली में खाद के गड्ढों की आरक्षित जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाएं। मौरंग के लदे वाहनों की ओवरलोडिंग से सड़कें बर्बाद हो रही हैं। इन पर तत्काल रोक लगाई जाए। ऐरायां ब्लाक के रसूलपुर भंडार मजरे केकरनपुर के अधिकांश हैंडपंपों से दूषित पानी निकल रहा है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ा में स्टाप की कमी है। यहां मानक के अनुसार डॉक्टर व कर्मचारियों की तैनाती की जाए। ग्राम सभा गुरसंडी के शौचालयों में हुई धांधली की जांच की जाए। इस मौके पर अजीम सिद्दीकी, विनोद सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, अखिलेश सिंह, रामशरन सिंह, रामभजन सिंह, धरम सिंह, छोटेलाल, धीरेंद्र सिंह, राधेश्याम सिंह, विनीत अग्रहरि और दिलीप सिंह मौजूद रहे।