{"_id":"6db57f520be042f11deca9c1ac7e7ef5","slug":"fatehpur-festival-debut-in-royal-style-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शाही अंदाज में हुआ फतेहपुर महोत्सव का आगाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शाही अंदाज में हुआ फतेहपुर महोत्सव का आगाज
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहपुर
Updated Sat, 07 Feb 2015 12:10 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा यमुना के बीच दोआब की धरती पर शाही अंदाज में शुक्रवार को फतेहपुर महोत्सव का आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक छटा बिखरी। एक तरफ पंडवानी गायिका पद्मश्री व पद्मभूषण तीजनबाई ने जोश भरा तो दूसरी तरफ भजन संध्या में रविंद्र जैन ने लोगों को भावविभोर कर दिया।
विज्ञापन
महोत्सव का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि पधारे प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। 11 फरवरी तक चलने वाले महोत्सव में किसान, व्यापारी, छात्र सभी के लिए जानकारी परक प्रस्तुतियां होंगी।
विज्ञापन
जिले की संस्कृति को दर्शाने वाली महोत्सव परिसर में झांकियां भी सजाई गई हैं। इन झाकियों के जरिए विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया गया है तो सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
विज्ञापन
शहर के शांतिनगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया। शुक्रवार दोपहर महोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद का पीएसी बैंड की धुनों के बीच स्वागत किया गया।
प्रभारी मंत्री ने सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी राकेश कुमार ने मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में लखनऊ से आई कलाकार जागृति मिश्रा ने सरस्वती वंदना पर कथक नृत्य प्रस्तुत किया। तालियों की गड़गड़ाहट ने महोत्सव में समां बांध दिया।
महोत्सव में लगे स्टाल अत्यंत मोहक हैं। महोत्सव में जहानाबाद विधायक मदन गोपाल वर्मा, सपा के राष्ट्रीय सचिव संतोष द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश लोधी, सपा जिलाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी भवानी सिंह, पुलिस अधीक्षक सालिग राम मौजूद रहे। इसके अलावा महोत्सव में किसान, व्यापारी, छात्र छात्राओं ने पहुंचकर स्टालों का भ्रमण किया और जानकारी हासिल की।
कभी दुर्योधन का अट्हास तो कभी द्रोपदी की पुकार
महोत्सव में पहुंची पद्मश्री तीजनबाई ने महाभारत की कथा का पंडवानी अंदाज में वृतांत सुनाते हुए लोगों में जोश भर दिया। उन्होंने जोशीले अंदाज में करण- अर्जुन संवाद प्रस्तुत किया तो दुर्योधन का अट्हास और द्रोपदी की क रुण पुकार को भी साकार कर दिया। तीजन के प्रस्तुतीकरण में छत्तीसगढ़ी भाषा भले लोगों के समझ में नहीँ आ रही थी, लेकिन उनके हाव भाव, हस्त मुद्रा, नेत्र और गमक दार आवाज पर लोगों का जोश बढ़ता नजर आया। पांडव पक्ष कौरवों को ललकारता है तो हर कोई तालियां बजाने से अपने को नहीं रोक सका। तमूरा के साथ उन्होंने हर प्रसंग को अपने अंदाज में प्रस्तुत करते हुए उत्साह का संचार किया।
योजनाओं की मिलेगी जानकारी-प्रभारी मंत्री
फतेहपुर। प्रदेश के समाज कल्याण एवं जिले के प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद ने महोत्सव के उद्घाटन के दौरान कहा कि महोत्सव प्रदेश सरकार की योजनाओं को गांवों में घर-घर तक पहुंचाने में मददगार साबित होगा। उन्होंने ऐसे और महोत्सव कराने पर जोर देते हुए कहा कि यहां 11 तक चलने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार की जनहित की योजनाओं पर चरचा होगी और लोग यहां से सुनकर गांवों में घर-घर में बताएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के अमर शहीदों ने देश की आजादी में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। कहा राष्ट्रकवि सोहनलाल द्विवेदी को जन्म देने वाली यह सरजमीं धन्य है। जिले के अंग्रेजी हुकूमत से आजाद घोषित करने वाले अमर शहीद डिप्टी कलेक्टर हिकमतउल्ला को याद किया और कहा कि इस सरजमीं में भिटौरा में पवित्र गंगा नदी उत्तरवाहिनी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने प्रदेश को उत्तम प्रदेश का संकल्प लिया है और वह इस दिशा में बराबर अग्रसर हो रहे हैं। यही कारण है कि पिछले दिनों में लोकसभा अध्यक्ष प्रदेश सरकार की खुले मन से सराहना कर चुकी हैं। इससे पूर्व जहानाबाद विधायक मदनगोपाल वर्मा और जिलाधिकारी राकेश कुमार ने महोत्सव के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी।
इनसेट
आदर्श गांव में दिखा स्वच्छता का माहौल
ऊनी वस्त्र, फल संरक्षण, पशु पालन आदि के लगे स्टाल
किसानों को बेहतर खेती के सिखाए गए गुर
फतेहपुर। फतेहपुर महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जहां लोग आनंदित हो रहे हैं वहीं विभिन्न प्रकार के लगे स्टालों में पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। महोत्सव में आदर्श गांव की झलक दिखाई पड़ी। मंच के माध्यम से कलाकार संजू गौड़, मोनिका त्रिपाठी, अर्स, आशीष आदि ने घर में शौचालय बनवाने के लिए जागरुक किया।
लोगों ने स्टाल में पहुंचकर ऊनी वस्त्र आदि की भी खरीदारी की। राजकीय फल संरक्षण की ओर से सजी फल एवं सब्जी की दुकानों में पहुंचकर किसानों ने बेहतर खेती के गुर सीखे। साथ ही किस फसल में कितना खाद पानी देना है इसकी भी बारीकियां समझी। महोत्सव में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की ओर से सजाई गई झांकी ने भी हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से साक्षरता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें शिक्षा के प्रति जागरुकता फैलाई गई। इसी प्रकार वन विभाग जंगल में शेर और उनके बच्चे की झांकी सजाकर लोगों को वन जीवों के संरक्षण के प्रति सजग किया। इसी प्रकार उद्यान एवं शाक भाजी की प्रदर्शनी और भूमि सुधार निगम की ओर से बनाए गए मॉडल में मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए जानकारी दी गई। इसके अलावा मत्स्य, दुग्ध, ग्रीन गोल्ड प्लांटेशन, रिलायंस, स्वास्थ्य, खाद ग्रामोद्योग, बीसी मोटर्स, तपस्वी के स्टाल भी लगे रहे।
झूलों के साथ चाइनीज फूड का लिया मजा
फतेहपुर। महोत्सव में पहुंचने वाले लोगों ने देशी और चाइनीज फूड का भी मजा लिया। चाट, बतासे, चाऊमीन का लोगों ने स्वाद ग्रहण किया। महोत्सव में पहुंचने वाले लोगों ने खरीदारी करने के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। फतेहपुर महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन के इंतजाम किए गए हैं। अलग अलग झूलों की व्यवस्था की गई जिसमें बच्चे व बड़े आनंद ले सकेंगे।
इनसेट
पांडाल में गूंजता रहा मधुर संगीत
फतेहपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में फतेहपुर महोत्सव के लिए सजे भव्य पांडाल में धीमा-धीमा मधुर संगीत गूंजता रहा। पांडाल में पड़ी अधिकांश कुर्सियां हालांकि खाली रहीं। सामने छोटे पांडाल में पंच सम्मलेन में शामिल होने वाले ग्राम प्रतिनिधियों का पंजीयन किया गया। भीड़ कम होने की वजह से महोत्सव में लगे कई स्टालों की बोहनी भी नहीं हो सकी। हालांकि कई दुकानें अभी सजायी जा रही हैं।