औंग। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार सुबह 10 बजे जनरथ बस गुधरौली में खराब हो गई। इस कारण हाईवे पर डेढ़ घंटे जाम लगा रहा। पांच किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगी रही। जाम में कई एंबुलेंस फंसी रही। बेतरतीब खड़े वाहनों को निकालने में पुलिस को खासी मशक्कत उठानी पड़ी।
गुधरौली के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस लेन में दलदल और गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन धीमी गति से निकलते हैं। वाहनों के रुक-रुक चलने से जाम के हालात बने रहते हैं। कानपुर से प्रयागराज जा रही जनरथ बस सुबह सर्विल लेन पर खराब हो गई। इसके बाद गुधरौली से औंग तक और दूसरी ओर चौडगरा तक जाम लग गया। गुधरौली गांव के धर्मेंद्र सिंह, रमेश सिंह, ननकऊ फौजी, छंगूलाल, औंग के बृजेश कुमार, विकास, विवेक ने बताया कि निर्माण का काम कर रही कंपनी गड्ढों में गिट्टी का चूरा डालती है। बारिश के चलते एक-दो घंटे में सड़क पहले जैसे गड्ढों में तब्दील हो जाती है।