फतेहपुर। कानपुर प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार सुबह सवा दस बजे महाकुंभ से स्नान कर दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन से जा रहे दो वाहनों से टकरा गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने चार की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर हैलट रेफर किया है।
नई दिल्ली थाना रंजीत नगर क्षेत्र के न्यू पटेल नगर निवासी योगेंद्र (35) पुत्र कमल सिंह परिवार समेत महाकुंभ से स्नान कर दिल्ली लौट रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के बड़े पुल के समीप कार का अचानक टायर फटने से अनियंत्रित गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में गिरी। लेन में प्रयागराज की ओर जा रहे दो वाहनों से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक योगेन्द्र (35) के साथ मधू (65) पत्नी बिद्रा प्रसाद, मायावती (80) पत्नी किशनलाल, सुशीला (60) पत्नी महेश, नीरु (39), विक्की (30) और कोमल (32) घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सक ने चालक, सुशीला, मायावती, मधू की हालत को नाजुक देखते हुए कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। दूसरी लेन के वाहन क्षतिग्रस्त हुए। उनमें सवारों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने हाईवे से क्षतिग्रस्त कार को हटवा कर यातायात बहाल कराया। इंस्पेक्टर तारकेश्वर राय ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो के पैर व एक की नाक फैक्चर हुई है।