फर्रुखाबाद। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की ओर से रसोइयों की कराई गई पाककला (भोजन बनाने) प्रतियोगिता में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। भट्ठी कम पड़ने से रसोइयां बैठी रहीं। टेंट से भट्ठी आने के बाद व्यंजन तैयार करने की रसोइयों ने कुशलता दिखाई। याकूतगंज विद्यालय की रसोइया सावित्री देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील बनाने वाली रसोइयों की रविवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में पाककला प्रतियोगिता कराई गई। शुभारंभ विधायक सुशील शाक्य ने किया। प्रतियोगिता के लिए चयनित 30 रसोइयों में से 25 ने प्रतिभाग किया। राजेपुर ब्लाक क्षेत्र के स्कूलों की रसोइयां बर्तन लेकर नहीं आईं। उनको एआरपी ने जानकारी भी नहीं दी थी। इससे वह बैठी रहीं। 25 रसाइयों में से 15 के लिए भट्ठी का इंतजाम किया गया। अन्य के लिए टेंट से भट्ठी मंगाई गईं। इससे प्रतियोगिता देर से शुरू हो सकी। सभी रसोइयों से रोटी-सब्जी, दाल-चावल और तहरी बनवाई गई। व्यंजनों को चखकर नंबर देने के लिए नगर क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बुलाया गया, लेकिन कोई भी नहीं पहुंचा। इससे निर्णायक मंडल के डीआईओएस डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी, बीएसए लालजी यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेंद्र कुमार, जीजीआईसी की प्रभारी प्रधानाचार्य संघमित्रा भास्कर, गृह विज्ञान प्रवक्ता अलका राठौर ने रसोइयों द्वारा बनाए गए भोजन को चख कर नंबर दिए। बेहतर खाना बनाने में याकूतगंज की सावित्री देवी ने प्रथम, शमसाबाद के उलियापुर की तारा देवी ने द्वितीय और बढ़पुर के बिजाधरपुर की साविता देवी ने तृतीय स्थान पाया। डीसी एमडीएम बीईओ सतीश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम विजेता को 3500, द्वितीय को 2500 और तृतीय स्थान पर रही रसोइया को 1500 रुपये पुरस्कार की चेक दी गई। बकाया 22 रसोइयों को 250-250 रुपये सांत्वना पुरस्कार का चेक दिया।