Farrukhabad Blast: पूर्व विधायक के घर हुए विस्फोट का मामला, घायल भइयालाल ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
Farrukhabad News: फर्रुखाबाद के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर 17 मार्च को हुए विस्फोट में घायल भइयालाल की कानपुर में मौत हो गई। इस हादसे में विधायक के बेटों समेत छह लोग घायल हुए थे।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर गत 17 मार्च को हुए विस्फोट में घायल हुए नूरपुर निवासी भइयालाल की मंगलवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। कानपुर के अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझ रहे भइयालाल ने करीब दो सप्ताह बाद अंतिम सांस ली।
बुधवार दोपहर बाद शव के पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है, जिसे लेकर गांव में सुरक्षा और शोक का माहौल है। बता दें कि घटना 17 मार्च की देर शाम की है, जब पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में एक जोरदार धमाका हुआ था। इस विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
दो बेटों सहित छह घायल
घटना में पूर्व विधायक विजय सिंह के दोनों बेटे अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की व अविनाश सिंह विक्की सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की चौथी मंजिल पर बनी रेलिंग, खिड़की, दरवाजे टूट गए। बेसमेंट की छत क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास की दुकानों के साथ मकान भी हिल गए।