अयोध्या के कायाकल्प ने पकड़ी रफ्तार : नव्य अयोध्या, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, पार्किंग, कुंडों का सुंदरीकरण समेत कई योजनाओं की गति बढ़ी
नव्य अयोध्या को भी आकार देने का काम शुरू हो गया है। विकास कार्योँ के लिए टेंडर भी हो चुुके हैं। इसी तरह श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या रेलवे स्टेशन, छह स्थानों पर पार्किंग का निर्माण, अयोध्या के 15 वार्डों के गलियों में सड़क एवं नाली का निर्माण कार्य, अयोध्या में रेल ओवरब्रिज सहित कई अन्य योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
विस्तार
राममंदिर निर्माण के साथ-साथ अयोध्या के कायाकल्प का भी काम तेज हो गया है। कई हजार करोड़ की योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन योजनाओं के मूर्त रूप लेते ही रामनगरी अयोध्या विश्वभर के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाएगी। छह मई को अयोध्या के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में चल रहे 19 हजार करोड़ के विकास कार्योँ की समीक्षा के दौरान कार्यों की गति बढ़ाने का निर्देश भी दिया था।
नव्य अयोध्या, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, पार्किंग, कुंडों का सुंदरीकरण सहित कई योजनाओं की गति बढ़ गई है। कई योजनाएं तो शीघ्र ही पूरी भी होने वाली हैं। राममंदिर निर्माण के साथ-साथ अयोध्या को विश्वस्तरीय पयर्टन नगरी के रूप में विकसित करने की तैयारी है। राममंदिर निर्माण का जहां अब तक तीस प्रतिशत काम पूरा हो चुका है वहीं अयोध्या को सजाने-संवारने की योजनाओं की भी गति बढ़ गई है। अयोध्या के आठ पौराणिक कुंडों के कायाकल्प का काम तेजी से चल रहा है।
इनका वैदिक विधि से जलशुद्धिकरण एवं संरक्षण किया जा रहा है। नवंबर 22 तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। अयोध्या शोध संस्थान का भी अत्याधुनिकरण का काम संचालित है। जून 2022 तक यह काम पूरा हो जाएगा। इसी तरह शहर को मानक मानदंडों के अनुसार विकसित करने व बिजली, पानी, शिक्षा जैसी उन्नत सेवाओं से संतृप्त एकीकृत केंद्र के रूप में विकास करने का कार्य प्रगति पर है। नव्य अयोध्या को भी आकार देने का काम शुरू हो गया है। विकास कार्योँ के लिए टेंडर भी हो चुुके हैं। इसी तरह श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या रेलवे स्टेशन, छह स्थानों पर पार्किंग का निर्माण, अयोध्या के 15 वार्डों के गलियों में सड़क एवं नाली का निर्माण कार्य, अयोध्या में रेल ओवरब्रिज सहित कई अन्य योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
इन योजनाओं से निखरेगा अयोध्या का वैभव
योजना- अब तक हुआ काम
- रामनगरी के आठ पौराणिक कुंडों का सुंदरीकरण-40 प्रतिशत
- अयोध्या शोध संस्थान का अत्याधुनिकीकरण-70 प्रतिशत
- ग्रीनफील्ड टाउनशिप (नव्य अयोध्या)- निविदाएं निकाली गईं
- श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा- कार्य प्रारंभ-94.44प्रतिशत भूमि अधिग्रहीत
- अयोध्या रेलवे स्टेशन-94 प्रतिशत
- 6 स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग- तीन पर काम जारी
- महोबरा वाया टेढ़ीबाजार पर फ्लाई ओवर का निर्माण- 10 प्रतिशत
- चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग सुधार एवं विकास- डीपीआर गतिमान
- अयोध्या रिंग रोड लंबाई 65 किमी- डीपीआर गतिमान
- गुप्तारघाट का विकास और निर्माण-95 प्रतिशत
- अयोध्या बाईपास का सौंदर्यीकरण-70 प्रतिशत
- अयोध्या में जलनिकासी हेतु पांच नालों का निर्माण-60 प्रतिशत
- 50 शैय्या चिकित्सालय मिल्कीपुर-98 प्रतिशत
राममंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या को विश्वस्तरीय पयर्टन नगरी के रूप में विकसित करने की योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। कुछ योजनाएं शीघ्र ही पूरी हो जाएंगी तो कुछ योजनाएं आकार लेना शुरू हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय श्रीराम हवाईअड्डा, रेलवे स्टेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। कई हजार करोड़ की योजनाओं से अयोध्या का वैभव निखरेगा। अयोध्या धर्म के साथ-साथ पयर्टन का भी बड़ा केंद्र बनेगी।