अयोध्या। रविवार की सुबह सरयू के लक्ष्मणघाट के पास स्नान करते समय तीन लोग गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद एक पुजारी ने अपनी जान पर खेलकर दो को सकुशल बचा लिया, लेकिन एक गहरे पानी में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश में जुटी हुई है।
घटना रविवार की सुबह करीब 7:30 बजे की है। पड़ोसी जनपद बाराबंकी के सैदखानपुर गांव से एक परिवार के आठ लोग अयोध्या दर्शन-पूजन को आए थे। सभी सरयू के लक्ष्मणघाट पर स्नान कर रहे थे, इसी बीच तीन लोग डूबने लगे। स्थानीय निवासी पुजारी कविराज दास ने तत्काल नदी में छलांग लगाई और डूब रहे तीन लोगों में से दो को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन एक गहरे पानी में समा गया। घटना की सूचना पर सीओ अयोध्या राजेश राय, कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित जलपुलिस के जवान पहुंचे और डूबे युवक की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह बाराबंकी के एक परिवार के आठ लोग अपने रिश्तेदारों के साथ ट्रेन से अयोध्या आए थे। इसमें दरियाबाद निवासी भतीजा शिवम (14) और उसके दो चाचा संजय (25) और बालचंद (30) नहाते समय नदी में बह गए। दो को बचा लिया गया है कि जब शिवम् नदी की धारा में लापता हो गया। गोताखोरों के माध्यम से डूबे किशोर की तलाश की जा रही है।