इटावा। प्रदेश के कई शहरों में लॉकडाउन होने की खबर पर सोमवार को कस्बों और गांवों के लोगों ने बाजार में सब्जी, किराना आदि की खरीदारी की। लोग बीमारी को भगाने के लिए किसी भी तरह के बंद के समर्थन में हैं, लेकिन जरूरी चीजें कैसे मिलेंगी इसको लेकर थोड़े चिंतित दिखे।
जनता कर्फ्यू के बाद बाजार की दुकानों सामान्य दिनों की भांति खुली रहीं। दुकानदार व बाजार में आने वाले लोग कोरोना को लेकर सजग बने रहे। संवाद प्रतिनिधि भरथना के अनुसार जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार सुबह 9 बजे से लोग बाजार में निकले और खरीदारी की। लोग भीड़ में जाने से खुद ही परहेज कर रहे थे। दुकान पर गए, सामान लिया और घर लौट गए। खरीदारी बढ़ने से सब्जी वालों ने दाम बढ़ा दिए। टमाटर 15 से बढ़कर 30, मिर्च 40 से 60 और धनिया 20 से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। अन्य सब्जियों के दाम यथावत रहे। बाजार आए कुंअरा गांव के कामता प्रसाद ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए बंद बहुत जरूरी है। इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए, अगर थोड़ी परेशानी होगी भी तो ठीक है। गोविंद नगर के शिवराज और ब्रह्मनगर के सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि थोड़ा सामान खरीद लिया है ताकि अगर लॉकडाउन हो तो किसी तरह की दिक्कत न आएं।