टीबी से पीड़ित हैं सफारी के भालू भोला और शंकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। इटावा सफारी पार्क में मौजूद चार भालुओं में दो को टीबी हो गई है। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली ने इसकी पुष्टि कर दी है। दोनों भालुओं की जांच रिपोर्ट आने के बाद सफारी प्रशासन में हलचल बढ़ गई है। बीमारी से पीड़ित दोनों भुलाओं का इलाज शुरू कर दिया गया है और उन्हें अलग बाडे में रहने का इंतजाम किया जा रहा है। सफारी पार्क में भालू कुन्नी, कालिया, शंकर और भोला हैं। इनकी रूटीन मेडिकल जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे गए थे। जांच में पाया गया कि भालू शंकर और भोला टीबी से संक्रमित हैं। पिछले सप्ताह ही सफारी प्रशासन को यह रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट आने के बाद दो अन्य भालू कुन्नी और कालिया को इनसे अलग कर दिया गया है। उन्हें भालू सफारी के दूसरे एनिमल हाउस सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। इसके साथ ही भोला और शंकर का आईवीआरआई की गाइड लाइन के अनुसार डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने उपचार शुरू कर दिया है। हालांकि कहा तो यह तक जा रहा है कि सफारी प्रशासन दोनों ही संक्रमित भालुओं को सफारी से हटाने के प्रयास में है, जिससे अन्य जानवरों को टीबी के संक्रमण से बचाया जा सके।
कर्मचारियों के लिए आई ड्रेस और मास्क
इटावा। भालुओं को टीबी होने पर सफारी प्रशासन ने सबसे पहले अपने कर्मचारियों का सुरक्षित करने की तैयारी की है। इसके लिए भालू सफारी के कर्मचारियों के लिए स्पेशल सुरक्षा ड्रेस (डूंगरी), गम बूट, हैंड ग्लब्स, हैड मास्क, माउथ मास्क आगरा से मंगाए गए हैं। अब कर्मचारी पूरी ड्रेस पहनकर ही अंदर जा रहे हैं।
एनिमल हाउस के क्राल एरिया से हटवाई गई आठ इंच मिट्टी
इटावा। जिस एनिमल हाउस में संक्रमित भालू भोला और शंकर को रखा गया था, उसे पूरी तरह से संक्रमण मुक्त करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके लिए एनिमल हाउस के क्राल एरिया की आठ इंच खुदाई कराकर उस मिट्टी को सफारी से बाहर फेंकवाया गया है। यहां पर नई मिट्टी डाली गई है। ऐसा इसलिए किया गया जिससे संक्रमित भालुओं के मल आदि से दूसरे भालू में संक्रमण न फैले।
फ्यूनिसेटर से एनिमल हाउस को किया जा रहा संक्रमण मुक्त
इटावा। भोला और शंकर क ो एनिमल हाउस से हटाने के बाद इसे फ्यूनिसेटर से संक्रमण मुक्त किया जा रहा है। फ्यूनिसेटर मशीन दवाई को तेज धुएं का रूप देकर मिट्टी के कण-कण में पहुंचकर संक्रमण को दूर कर देती है। इसके साथ ही पूरे एनिमल हाउस की दीवारों और फर्श को केमिकल आदि से साफ कर सेनिटाइज किया जा रहा है।
इस मामले में सफारी के डिप्टी डायरेक्टर अखिलेश जायसवाल से बात की गई तो उनका कहना था कि आईवीआरआई क ी रिपोर्ट में भोला और शंकर को टीबी पॉजीटिव बताया गया है। इसके बाद सतर्कता के साथ उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।