इटावा। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही को कृषि कानून के विरोध में ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। मंत्री से मिलने की जिद पर अडे़ कांग्रेसी वन विभाग के गेस्ट हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस नेताओं को बुलाकर ज्ञापन लिया।
केंद्र की भाजपा सरकार के कृषि कानून को काला कानून बताते हुए कांग्रेस पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल वन विभाग के गेस्ट हाउस में ज्ञापन देने पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने कांग्रेसी नेताओं को गेट पर ही रोक दिया और मंत्री से मिलने से मना कर दिया। इसके बाद गेट पर ही कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। करीब दस मिनट तक धरना देने के बाद प्रभारी मंत्री का बुलावा आ गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, पल्लव दुबे, मोहम्मद राशिद खान, मयंक तिवारी, संजय दोहरे, आलोक यादव, आरबी सिंह पाल, हंस मुखी शंखवार, जितेंद्र पाल, रामजीवन कुशवाहा, सरवर अली ने प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही जी को आठ सूत्री ज्ञापन सौंपा।