{"_id":"58e67fd74f1c1b82575b5890","slug":"women-take-up-sticks-and-poles-protest-against-wine-shops","type":"story","status":"publish","title_hn":"लाठी-डंडे लेकर महिलाएं ठेकों के विरोध में उतरीं","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लाठी-डंडे लेकर महिलाएं ठेकों के विरोध में उतरीं
अमर उजाला ब्यूरो/इटावा
Updated Thu, 06 Apr 2017 11:20 PM IST
विज्ञापन
ठेके के विरोध में पत्थर लिए खड़ीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। प्रदेश सरकार ने अभी भले ही शराब बंदी का ऐलान न किया हो परंतु महिलाओं ने शराब के ठेकों को बंद कराने की ठान ही ली है। महिलाएं लाठी-डंडे लेकर ठेकों को गांव से दूर ले जाने की मांग कर रही हैं। इससे पुलिस और आबकारी विभाग के लिए अब एक नई समस्या खड़ी हो गई है। बृहस्पतिवार को वैदपुरा एवं बहादुरपुर घार में महिलाओं ने लाठी-डंडों से लैस होकर शराब के ठेकों पर धावा बोला। समीपवर्ती अनंतराम के पास बन रहे ठेके को तहस-नहस कर दिया। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में भी लिया है।
विज्ञापन
लवेदी प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर घार में स्कूल और मंदिर के नजदीक देशी शराब ठेके पर गांव की महिलाओं ने गुरुवार की सुबह धावा बोलकर तोड़फोड़ की। दुकान में ताला भी डाल दिया। बहादुरपुर घार में स्कूल और मंदिर के पास से ठेका हटाने के लिए प्रार्थनापत्र जिला आबकारी अधिकारी को दिया गया था। न हटाने पर गुरुवार की सुबह गांव की महिलाओं ने लाठी-डंडे लेकर ठेके पर धावा बोला। शराब की दुकान में तोड़फोड़ की और बोतलें फेंक दीं।
विज्ञापन
महिलाओं ने गद्दीदार से चाबी छीनकर उसमें ताला डाल दिया। प्रदर्शन और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही एसडीएम चकरनगर राजमणि मिश्रा , जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप सिंह क्षेत्राधिकारी भरथना शिव राज के अलावा लवेदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार योगी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया। विरोध कर रही सीमा देवी, वीरमती, विमला देवी ने बताया कि लोग शराब पीकर मंदिर जाने वाली महिलाओं, लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। कुछ महिलाओं ने बताया कि पति शराब पीकर घर पर आकर हमें एवं बच्चों को गाली देते हैं। प्रदर्शन में बबली देवी ,सरला देवी ,सूरज मुखी ,सुनीता देवी , प्रेमवती ,मुन्नी देवी जलदेवी ,कुसमा देवी ,भूरी देवी आशा देवी ,रामकली ,वीरमती ,नीलम देवी आदिशामिल हुईं। जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शराब की दुकान 10 वर्ष से उसी स्थान पर है। शराब की दुकान से स्कूल और मंदिर की दूरी की नाप जोख कराई गई है। वह नियमानुसार सही पाई गई। इसलिए गांव की महिलाओं की मांग और प्रदर्शन अनुचित है ।
विज्ञापन
दुकान मालिक मुकेश पुत्र राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने इस मामले में गांव के ही सर्वेश पुत्र स्वामी दीन , छोटू पुत्र कलक्टर सिंह, राम सिंह उर्फ पप्पू पुत्र वीरेंद्र सिंह के अलावा 30-40 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने का मुकदमा दर्ज कराया है ।
वैदपुरा प्रतिनिधि के अनुसार वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजमऊ रोड पर अंग्रेजी, देशी शराब एवं बियर के ठेका का विरोध कर रहीं महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडे लेकर प्रदर्शन किया। दुकानों में तोड़फोड़ भी की। ठेकाकर्मी ताला डालकर मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन पहले प्रार्थनापत्र देकर तीनों ठेकों को यहां से हटवाने की मांग की गई थी। कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया। बताते हैं कि बुधवार को रजमऊ से जबारे चढ़ाने के लिए महिलाएं सौनई मंदिर गईं थीं। वापस आते समय सौनई पुल के पास आठ दस लोग शराब पी रहे थे। उन लोगों ने महिलाओं पर शराब की खाली बोतलें एवं पानी के पाउच फेंके। तीनों ठेके अधियापुर निवासी रामबाबू गुप्ता की दुकानों में संचालित हैं। रामबाबू का आरोप है कि आंदोलनकारियों ने दुकानों में तोड़फोड़ एवं लूटपाट की है। उन्होंने इस मामले में सुनील राजपूत, त्रिमोहन, जैसीराम, धीरज, नीरज, राजकुमार, राजू, राहुल सहित 70-80 अज्ञात महिलाओं एवं पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। दुकान मालिक के पुत्र ने उनके साथ अभद्रता की। इस पर धक्का-मुक्की एवं मारपीट होने लगी। लूटपाट का आरोप गलत है। मौके पर एसएसपी शिवहरी मीना, सीओ श्याम सुंदर ग्रोवर एवं एसडीएम अजय कुमार पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत किया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
महेवा प्रतिनिधि के अनुसार अनंतराम एवं टिलीटिला के बीच निर्माणाधीन शराब ठेके पर महिलाओं ने धावा बोलकर नींव उखाड़ दी। एक अप्रैल से अनंतराम के तीनों शराब ठेके बंद हैं। गुरुवार को निर्माण शुरू होने पर महिलाएं भड़क गईं। मजदूरों को भगाकर नींव उखाड़ दी। प्रदर्शन में मुन्नी देवी उर्मिला, सिद्ध श्री, कमला ,हेमलता, रामवती, सुषमा ,मीनू ,उमा ,कृष्णा ,धन देवी ,संगीता ,झुन्नी देवी, मीना आदि शामिल थीं ।