{"_id":"8ed4764fb9e1665a664a62e47ab686f3","slug":"pregnant-wife-and-daughter-alive-blew-in-etawah-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"इटावा में गर्भवती पत्नी व बेटी को जिंदा फूंका ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
इटावा में गर्भवती पत्नी व बेटी को जिंदा फूंका
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Mon, 17 Aug 2015 12:04 AM IST
विज्ञापन
घरेलू विवाद के बाद हैवान बने युवक ने एक वर्षीय बेटी और गर्भवती पत्नी को मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। दिलदहला देने वाली वारदात को अंजाम देने में युवक के मां-बाप ने भी साथ दिया।
विज्ञापन
आरोपियों ने शवों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन गांव में ही रहने वाली मृतका की बहन को भनक लग गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।
विज्ञापन
राजस्थान के थाना सैथला क्षेत्र के गांव शिवरामपुर निवासी रामस्वरूप ने अपनी भतीजी रीना की शादी 17 जून 2009 को बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव कृपालपुरा निवासी दीवान सिंह पुत्र धर्मवीर के साथ की थी। बाद में रामस्वरूप ने अपनी दूसरी भतीजी रिंकी की शादी भी गांव के ही तहसीलदार के साथ कर दी थी।
विज्ञापन
रीना के ससुरालीजन उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बहन रिंकी से मिलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। इस पर रीना का पति व सास-ससुर से अक्सर विवाद होता था। शनिवार की सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ।
हैवानियत की हद पार करते हुए दीवान सिंह ने अपने पिता धर्मवीर व मां विमला देवी के साथ मिलकर रीना व मासूम बेटी को कमरे मे बंद कर दिया और मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी मासूम व उसकी मां चीखती रहीं, लेकिन गांव का कोई भी व्यक्ति मदद के लिए नहीं आया। बाद में उनकी चीखें खामोश हो गईं।
सबूत मिटाने की नीयत से ससुराल वाले शवों को ट्रैक्टर में लादकर गांव के पास नदी में फेंकने के लिए जा रहे थे। तभी घरवालों के चंगुल से छूटकर भागे मृतका रीना के बेटे ने मौसी रिंकी को घटना बताई। रिंकी ने पुलिस को सूचना दी। एसओ बृजेंद्र सिंह फोर्स के मौके पर पहुंचे। इस बीच आरोपी शवों को छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चाचा रामस्वरूप की तहरीर पर पुलिस ने पति दीवान सिंह, सास विमला देवी, ससुर धर्मवीर के खिलाफ दहेज हत्या व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हैवान पिता ने बेटे को भी मारने का किया प्रयास
इटावा। मामूली कहासुनी के बाद हैवान बने युवक ने पत्नी और बेटी के साथ ही अपने चार वर्षीय पुत्र को भी जिंदा जलाने की कोशिश की। किसी तरह वह घर वालों के चंगुल से बचकर घर से भाग निकला और मौसी के पास तक पहुंच गया। बेटा इस घटना के बाद से दहशतजदा है।
आपसी कहासुनी के बाद पति दीवान सिंह व उसके मां बाप के सिर पर इस कदर खून सवार था कि उनके हाथ अपनों की जान लेने में जरा भी नहीं कांपे। दीवान सिंह व उसके मां बाप रीना और उसकी बेटी को कमरे में खींचकर ले गए। इसके बाद उन्होंने चार वर्षीय पुत्र रॉकी को भी कमरे में ले जाने की कोशिश की।
इसी बीच रॉकी उनके चंगुल से किसी तरह छूट गया और भागते हुए गांव में ही रह रही अपनी मौसी रिंकी के घर पहुंचा। उनके घर में हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी मौसी को दी। दिलदहला देने वाली वारदात की खबर से मौसी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसे होश आया तो उसने फोन से सूचना पुलिस को दी।
रिंकी ने बताया कि यदि रॉकी वहां से नहीं भागता तो हैवान बने ससुराल वाले उसे भी जलाकर मार डालते। घटना के बाद से वह सहमा है। रिकीं के अनुसार रीना दो माह की गर्भवती भी थी।
मायके जाने की जिद पर ले ली जान
सास -ससुर के साथ पति की प्रताड़ना से तंग आकर रीना ने ससुरालीजनों से उसे मायके भेजने की जिद की थी। ससुरालीजन उसे मायके भेजने के लिए तैयार नहीं थे। मृतका की बहन ने बताया कि उसने इस संबंध में अपने परिवारीजनों को सूचना दी थी।
ससुरालीजनों ने आकर रीना के पति व सास ससुर को समझाया भी था, लेकिन उन पर कोई असर नहीं पड़ा। मायके जाने की जिद पर ही शनिवार को रीना का पति के साथ सास ससुर से विवाद हुआ।