{"_id":"5ae8ad4a4f1c1b84098b7b57","slug":"bride-and-groom-irish-marriage-stops","type":"story","status":"publish","title_hn":"नेग के लिए वर-वधू पक्ष भिड़े, शादी रुकी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नेग के लिए वर-वधू पक्ष भिड़े, शादी रुकी
अमर उजाला ब्यूरो/इटावा
Updated Tue, 01 May 2018 11:39 PM IST
विज्ञापन
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कालोनी में सोमवार को आई बारात में द्वारचार के समय नेग देने को लेकर वर-वधू पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। थाना पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दो को पीजीआई भेज दिया गया। घटना के कारण शादी रोक दी गई।
विज्ञापन
कालोनी निवासी छोटे लाल ने अपनी बेटी की शादी बकेवर के पृथ्वीरामपुर गांव निवासी हाकिम सिंह के बेटे राहुल से तय की थी। सोमवार को बारात कांशीराम कालोनी पहुंची। यहां द्वारचार के दौरान वधू पक्ष के लोग 21 सौ रुपये नेग मांग रहे थे, जबकि वर पक्ष 11 सौ रुपये दे रहा था। इसपर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में दूल्हे के पिता हाकिम सिंह, राम किशन, राम शंकर, राम कुमार घायल हो गए। दुल्हन पक्ष से लड़की के पिता छोटे लाल, टिंकू व सोनू घायल हो गए। मारपीट से वहां पर भगदड़ मच गई। थाना पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हाकिम सिंह, छोटे लाल व राम किशन की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई भेजा गया है। बाद में पुलिस दूल्हा दुल्हन व अन्य को थाने ले आई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन संजय त्यागी ने बताया कि चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में जेल भेजा गया है। दूल्हे के पिता की हालत गंभीर है। उनके ठीक होने के बाद ही शादी कराने के बारे निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन